कुर्मी और OBC मतदाताओं पर फोकस, बीजेपी का पटेल जयंती कार्यक्रम

bjp
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कुर्मी और अन्य OBC समुदायों के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। इसी सियासी तैयारी के तहत बीजेपी पिछड़ा मोर्चा 31 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को बड़े पैमाने पर मनाने जा रहा है। पार्टी ने इस राज्यव्यापी आयोजन को ‘सबसे ऊंचे सरदार’ की थीम पर केंद्रित किया है।

कांग्रेस पर पटेल की उपेक्षा का आरोप

लखनऊ में आयोजित बीजेपी पिछड़ा मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक में मोर्चा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा सरदार पटेल के योगदान को कमतर दिखाने की कोशिश की और उन्हें वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे।

प्रकाश पाल ने कहा कि पटेल ने सैकड़ों रियासतों को जोड़कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी थी। स्वतंत्रता के बाद नेतृत्व चयन के समय हुए घटनाक्रम कांग्रेस की राजनीतिक प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करते हैं।

‘पीएम मोदी ने दिलाई वैश्विक पहचान’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए प्रकाश पाल ने कहा कि देश को एकजुट करने वाले सरदार पटेल को पीएम मोदी ने गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ बनवाकर वैश्विक पहचान दिलाई।

मोर्चा अध्यक्ष ने दावा किया कि दुनिया की यह सबसे ऊंची प्रतिमा केवल कांस्य और लोहे की संरचना नहीं है, बल्कि यह कांग्रेस की उपेक्षा के मुकाबले राष्ट्रनायकों के सम्मान और राष्ट्रीय गौरव के प्रति बीजेपी की प्रतिबद्धता का बड़ा प्रतीक है।

98 संगठनात्मक जिलों में होंगे विशेष कार्यक्रम

बीजेपी पिछड़ा मोर्चा द्वारा तैयार की गई रूपरेखा के अनुसार, 31 अक्टूबर को यूपी के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में पटेल के जीवन और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता में सरदार पटेल की भूमिका के बारे में जानकारी देंगे। बीजेपी का कहना है कि यह आयोजन सिर्फ जयंती मनाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय एकता के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है।

कुर्मी वोट बैंक पर टिकी हैं निगाहें

राजनीतिक दृष्टिकोण से इस पूरे अभियान को बीजेपी की बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश की सियासत में कुर्मी समुदाय सरदार पटेल को अपना प्रमुख प्रेरणास्रोत मानता है। राज्य के कई हिस्सों में इस समुदाय का वोट बैंक हार-जीत तय करता है। चुनाव से पहले पूरे प्रदेश में सरदार पटेल के नाम पर यह अभियान चलाकर बीजेपी अपने OBC वोट बैंक को और अधिक मजबूत करने की कोशिश कर रही है।