गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, 3 की मौत और 10 झुलसे

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। गुलरिहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अयोध्या प्रसाद चौहान टोला के पास विसर्जन के लिए जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। इस घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
ट्रॉली में दौड़ गया करंट, मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली पर दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था, उसमें एक लंबी लोहे की रॉड लगी हुई थी। रास्ते में यह रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई। रॉड के तार के संपर्क में आते ही पूरी ट्रॉली में अचानक तेज करंट दौड़ गया। उस वक्त ट्रॉली पर कई लोग सवार थे, जो सीधे तौर पर करंट की चपेट में आ गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने आनन-फानन में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ लोगों की हालत बेहद गंभीर है।
प्रशासन की ओर से फिलहाल मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी लंबी रॉड का हाईटेंशन लाइन से टकराना ही बताया जा रहा है। प्रशासन अब इस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गया है।

