टाइगर फायरिंग केस में गर्लफ्रेंड का इस्तेमाल, कुणाल ने बैग में रखवाई पिस्तौल

मुंबई में 18 अक्टूबर को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में जांच एजेंसियों ने हथियारों की सप्लाई चेन का भंडाफोड़ किया है। तफ्तीश के दौरान इस पूरी साजिश में एक चौंकाने वाला ‘लव एंगल’ सामने आया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी कुणाल ने अपनी प्रेमिका राधा का इस्तेमाल कर दिल्ली से मुंबई तक पिस्तौल पहुंचाई थी। राधा और उसकी दोस्त बबीता को इसी काम के लिए मुंबई भेजा गया था।
प्रेमिका के बैग में रखकर ट्रेन से भेजी पिस्तौल
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई पुलिस की संयुक्त जांच के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल की मुलाकात करीब दो महीने पहले उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा से हुई थी। दोनों के बीच रिश्ते गहरे होने के बाद कुणाल ने राधा को अपने प्लान में शामिल कर लिया।
जांच एजेंसियों का दावा है कि 15 अक्टूबर को कुणाल खुद राधा और उसकी सहेली बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। इसी दौरान पिस्तौल को कथित तौर पर राधा के बैग में रख दिया गया। पूरी ट्रेन यात्रा के दौरान कुणाल फोन के जरिए दोनों महिलाओं के संपर्क में रहा और उन्हें लगातार निर्देश देता रहा।
दादर के होटल में रुकीं, नाबालिग को सौंपा हथियार
मुंबई पहुंचने के बाद दोनों महिलाएं दादर इलाके के एक होटल में रुकीं। पुलिस के मुताबिक, इस होटल में ठहरने की व्यवस्था भी कुणाल ने ही कराई थी। जांच में सामने आया है कि दादर में होटल के पास एक नाबालिग लड़का पहुंचा, जिसने राधा से हथियार वाला बैग ले लिया। पुलिस को शक है कि इसी पिस्तौल का इस्तेमाल बाद में हमलावरों द्वारा टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के लिए किया गया।
अमृतसर से जुड़े हैं हथियारों के तार
इस मामले में हथियारों का लंबा ट्रेल सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक, कुणाल ने अपने साथी सुमित के साथ मिलकर कथित तौर पर अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस हासिल किए थे। पुलिस का मानना है कि हथियारों की खरीद, उनकी मुंबई तक डिलीवरी और फायरिंग के बाद भागने की पूरी योजना एक बड़े नेटवर्क के तहत तैयार की गई थी। इस सप्लाई चेन में राधा और बबीता की भूमिका को अहम माना जा रहा है।
दिल्ली और हरियाणा से चार नए आरोपी गिरफ्तार
सप्लाई चेन का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुणाल और सुमित को सोनीपत से पकड़ा गया। बाद में मुंबई पुलिस की सीआईडी टीम ने चारों आरोपियों को औपचारिक रूप से अपनी हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर चुकी है और अब इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।

