UP पुलिस की वर्दी में दिखेंगे खिलाड़ी, CM योगी ने 470 को दिए नियुक्ति पत्र

CM-YOGI-6
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

खेल के मैदान में अपने प्रदर्शन से पदक जीतने वाले 470 होनहार खिलाड़ी अब उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी पहनकर कानून-व्यवस्था संभालने में अपना योगदान देंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित एक विशेष समारोह में इन सभी चयनित खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत पुलिस विभाग में शामिल हुए इन युवाओं में 43 उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) और 132 आरक्षी (पीएसी) शामिल हैं।

एशियन और नेशनल चैंपियंस बने उपनिरीक्षक

नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता शामिल हैं, जिन्हें उनकी उपलब्धियों के आधार पर सीधे उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) का पद दिया गया है। इनमें नेशनल गेम्स 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाली कुशीनगर की बॉक्सर आइस प्रजापति, एशियन गेम्स 2018 के रजत पदक विजेता मेरठ के निशानेबाज शार्दुल विहान, एशियन चैंपियनशिप 2024 के स्वर्ण पदक विजेता लखनऊ के हॉकी खिलाड़ी आमिर अली और नेशनल चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड मेडल जीतने वाले मुरादाबाद के निशानेबाज मोहित पाल प्रमुख हैं। इन चारों अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक बनाया गया है।

बॉक्सिंग से लेकर तीरंदाजी तक की प्रतिभाओं को मौका

उपनिरीक्षक के पद पर नियुक्ति पाने वालों में बैडमिंटन खिलाड़ी हिमांशी तिवारी, कराटे खिलाड़ी प्रणय शर्मा और बॉक्सर अभिषेक यादव के नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा तीरंदाज रागिनी मार्को, एथलीट तान्या चौधरी और वॉलीबॉल खिलाड़ी अनन्या राय को भी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।

सिपाही (आरक्षी) के पद पर चयनित होने वाले खिलाड़ियों में बरेली की भारोत्तोलक (Weightlifter) सुहानी राजपूत, लखनऊ की साइक्लिस्ट तनु भारती, कबड्डी खिलाड़ी अमरेश, हॉकी खिलाड़ी प्रतिमा सरोज और बॉक्सर अभय सिंह राठौर जैसे प्रतिभावान एथलीट शामिल हैं।

2022 से अब तक 950 खिलाड़ियों को मिली पुलिस में नौकरी

राज्य सरकार की कुशल खिलाड़ी योजना के तहत खेल प्रतिभाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का काम लगातार जारी है। वर्ष 2022 से लेकर अब तक इस योजना के जरिए कुल 950 खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में नौकरी दी जा चुकी है। नौकरी पाने वाले खिलाड़ियों का खेल प्रदर्शन प्रभावित न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की ओर से उन्हें आधुनिक खेल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रोजगार महाअभियान: 20 दिन में 7,142 युवाओं को नियुक्ति

प्रदेश में एक लाख सरकारी नौकरियां देने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महाअभियान के तहत सितंबर महीने से लगातार नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं। गुरुवार को 470 खिलाड़ियों को मिले नियुक्ति पत्रों के साथ ही पिछले 20 दिनों में पांच अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए कुल 7,142 युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। इससे पहले 19 सितंबर को विभिन्न विभागों के 818 अभ्यर्थियों, 20 सितंबर को 912 पुलिसकर्मियों, 22 सितंबर को 3,567 शिक्षकों-प्रधानाचार्यों और 28 सितंबर को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे।