बनेगा ‘बचपन डे केयर सेंटर’, ₹5.62 करोड़ मंजूर; पहली किश्त ₹3 करोड़ जारी

yogi29
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

दिव्यांग बच्चों की देखभाल, समग्र विकास और सुगम पुनर्वास की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने चित्रकूट जनपद में ‘बचपन डे केयर सेंटर’ के भवन निर्माण को हरी झंडी दे दी है। प्रदेश के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने इस परियोजना के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। परियोजना की कुल लागत 5 करोड़ 62 लाख 82 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जिसके सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए 3 करोड़ रुपये की पहली किश्त भी अवमुक्त कर दी गई है।

5.62 करोड़ की कुल लागत, 3 करोड़ की पहली किश्त जारी

मूल्यांकन समिति की संस्तुति के आधार पर सेंटर के भवन निर्माण की कुल लागत 562.82 लाख रुपये (5.62 करोड़ रुपये से अधिक) तय की गई है। चालू वित्तीय वर्ष में काम की शुरुआत के लिए शासन ने 3 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। शासन ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत धनराशि का आहरण और व्यय आवश्यकता के अनुसार किश्तों में तथा निर्धारित वित्तीय नियमों के अनुरूप ही किया जाएगा।

तकनीकी स्वीकृति और गुणवत्ता का कड़ा पहरा

शासन से जारी आदेश के अनुसार, सक्षम स्तर से विधिवत तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद ही निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होगा। निर्माण अवधि के दौरान तय गुणवत्ता, मानकों और विशिष्टियों का अक्षरशः पालन कराने की पूरी जिम्मेदारी दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्था की होगी।

वैधानिक एनओसी और पर्यावरण क्लियरेंस अनिवार्य

निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक वैधानिक अनापत्तियां (NOC) और पर्यावरणीय क्लियरेंस प्राप्त करना अनिवार्य किया गया है, ताकि परियोजना बिना किसी कानूनी या तकनीकी अड़चन के तय मानकों पर पूरी हो सके। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव राकेश कुमार यादव ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशक को औपचारिक स्वीकृति पत्र जारी कर दिया है।

दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास के लिए बुनियादी ढांचा

चित्रकूट में बचपन डे केयर सेंटर की स्थापना से जिले और आसपास के क्षेत्रों के दिव्यांग बच्चों के लिए आधुनिक देखभाल, विशेष प्रशिक्षण और सुगम पुनर्वास की आधारभूत सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।