वो 3 सपा विधायक जो BJP में जाएंगे, 2024 की क्रॉस-वोटिंग से जुड़ी है कहानी

smriti irani
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (SP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगने जा रहा है। अमेठी की गौरीगंज सदर विधानसभा सीट से लगातार तीन बार के विधायक और सपा के बागी नेता राकेश प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। वह 14 अक्टूबर को गौरीगंज स्थित अपने निजी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

‘मंगलम’ आवास पर ग्रहण करेंगे भाजपा की सदस्यता

राकेश प्रताप सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर भाजपा में जाने की पुष्टि की। उन्होंने लिखा, “मेरे गौरीगंज के सम्मानित क्षेत्रवासियों, साथियों, शुभचिंतकों एवं कार्यकर्ता बंधुओं मैं आगामी 14 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:00 बजे से गौरीगंज स्थित अपने निजी आवास ‘मंगलम’ के प्रांगण में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करूंगा।”

उन्होंने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से इस दिन अन्य कोई बाहरी कार्यक्रम न रखने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया है।

स्मृति ईरानी की मौजूदगी में कई बागी विधायक होंगे शामिल

अमेठी में 14 अक्टूबर को होने वाले इस बड़े राजनीतिक कार्यक्रम में सिर्फ राकेश प्रताप सिंह ही नहीं, बल्कि सपा के अन्य बागी विधायक भी औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थामेंगे।

इनमें अयोध्या के गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी शामिल हैं। यह पूरा जॉइनिंग कार्यक्रम स्मृति ईरानी की मौजूदगी में आयोजित होगा। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।

राज्यसभा चुनाव से शुरू हुई थी दूरी, जून 2025 में हुए निष्कासित

गौरीगंज सीट पर राकेश प्रताप सिंह का मजबूत राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। उन्होंने साल 2021 में अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन बाद में 2022 में सपा के टिकट पर दोबारा चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे थे।

सपा नेतृत्व के साथ उनके मतभेद फरवरी 2024 में हुए उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव के दौरान खुलकर सामने आए, जब उन्होंने सपा लाइन से अलग जाकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। इसके बाद पार्टी से उनकी दूरियां बढ़ती गईं और जून 2025 में समाजवादी पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया। निष्कासन के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा में राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और मनोज पांडेय को असंबद्ध सदस्य घोषित किया गया था। अब 14 अक्टूबर से वे औपचारिक तौर पर भाजपा के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करेंगे।