दीया मिर्जा वीडियो विवाद पर फडणवीस का बयान, बोले- BMC का अधिकार

मुंबई में दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ने और अभिनेत्री दीया मिर्जा का जागरूकता वीडियो हटाए जाने को लेकर उपजे राजनीतिक विवाद पर अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया सामने आई है। मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले पर अपनी बात रखते हुए कहा कि वीडियो हटाना बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) का अपना आंतरिक अधिकार है और इस मुद्दे को अनावश्यक तूल दिया जा रहा है।
दीया मिर्जा के वीडियो को हटाए जाने और बॉम्बे हाई कोर्ट की कथित ‘फटकार’ पर बोलते हुए सीएम फडणवीस ने कहा, “ये कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। मुझे नहीं लगता कि हाई कोर्ट ने किसी को फटकार लगाई है। हो सकता है कि कोई राय व्यक्त की गई हो, लेकिन जब मामला कभी हाई कोर्ट के समक्ष आधिकारिक रूप से पहुंचा ही नहीं, तो फिर फटकार का सवाल ही कहां उठता है?” उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया अकाउंट संभालने वाली एजेंसी या विभाग के पास यह तय करने का पूरा अधिकार होता है कि क्या पोस्ट करना है और क्या हटाना है, और बीएमसी ने अपने उसी अधिकार का इस्तेमाल किया है।
“दीया मिर्जा कोई बड़ी राजनीतिक नेता नहीं”
अभिनेत्री के कद और इस विवाद के राजनीतिक तूल पकड़ने पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “भले ही दीया मिर्जा एक सफल और सम्मानित अभिनेत्री हैं, लेकिन वे निश्चित रूप से भारत की कोई बड़ी राजनीतिक नेता नहीं हैं। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि यह ऐसा मुद्दा है जो हमारे स्तर से जुड़ा हो। कृपया हमसे हमारे स्तर से जुड़े मामलों के बारे में ही सवाल पूछें।”
क्या था पूरा मामला?
बता दें कि बीएमसी ने ‘पर्यावरण के अनुकूल दिवाली’ मनाने के लिए एक जागरूकता अभियान शुरू किया था, जिसके तहत दीया मिर्जा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। इस वीडियो में अभिनेत्री लोगों से बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर पटाखे न जलाने की अपील कर रही थीं।
हालांकि, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने इस वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताई थी और एक्स (ट्विटर) पर लिखा था कि लोगों को दीया मिर्जा से दीपावली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है क्योंकि हमारी परंपराएं संस्कृति में गहराई से जुड़ी हैं। इस विरोध के बाद बीएमसी ने चुपचाप वह वीडियो अपने हैंडल से हटा दिया था, जबकि अभियान में शामिल माधुरी दीक्षित, अजिंक्य रहाणे और निशिगंधा वाड जैसी अन्य हस्तियों के वीडियो जस के तस बने रहे थे।
इस बीच, वीडियो हटाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए दीया मिर्जा ने कहा था कि यह वीडियो हाई कोर्ट और बीएमसी के दिशा-निर्देशों के तहत ही बनाया गया था और बढ़ते वायु प्रदूषण के दौर में पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जाने वाले हर प्रयास का स्वागत होना चाहिए।

