‘राम जी के पांच पिता थे’, वायरल वीडियो पर अखिलेश यादव ने जताई नाराजगी

36ea609cf3edb8e740408175355c43249c14b477fab7a44c145fc939e3195703
महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बयानों के चलते बड़े विवादों के घेरे में आ गए हैं। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर माफी मांगने के महज कुछ ही दिनों बाद, अब भगवान श्रीराम के पिता को लेकर उनकी एक कथित टिप्पणी ने नया धार्मिक और राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि भगवान राम के पांच पिता थे। इस बयान के सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुरी तरह भड़क गए हैं और उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम तुरंत रद्द करने की मांग की है।

अखिलेश यादव का तीखा हमला

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वायरल वीडियो को साझा करते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने लिखा, “ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय हैं? पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया, अब भगवान राम के पिता के बारे में अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।” उन्होंने आगे मांग की कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के इस तरह के कृत्यों के चलते उनके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं। अखिलेश के इस बयान ने धार्मिक टिप्पणियों के साथ-साथ इसके पीछे के राजनीतिक संरक्षण पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में क्या है मामला?

विवाद की जड़ सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही एक वीडियो क्लिप है, जिसमें धीरेंद्र शास्त्री कथित तौर पर कह रहे हैं कि भगवान राम के पांच पिता थे, हालांकि यह कहीं लिखा नहीं है लेकिन वह यह बात बता रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने राजा दशरथ की अंतिम क्रिया का भी जिक्र किया। हालांकि, इस वायरल वीडियो का पूरा संदर्भ और संपूर्ण प्रसंग अभी सामने नहीं आया है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्होंने यह व्याख्या किस संदर्भ में दी थी।

कृष्ण पर दिए बयान के बाद मांगी थी माफी

यह पूरा विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में रामकथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए उनके बयान को लेकर भारी विरोध हुआ था। उन्होंने भगवान राम और कृष्ण की तुलना करते हुए कुछ टिप्पणियां की थीं, जिससे ब्रज क्षेत्र के संतों और कृष्ण भक्तों में नाराजगी फैल गई थी। विवाद बढ़ने पर 2 नवंबर को धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर हाथ जोड़कर माफी भी मांगी थी और कहा था कि उनका उद्देश्य किसी की भावना आहत करना नहीं था।

लेकिन उस माफी के तुरंत बाद भगवान राम के पिता को लेकर सामने आए इस नए कथित वीडियो ने विवाद को और अधिक भड़का दिया है। अब देखना यह होगा कि धीरेंद्र शास्त्री इस नए प्रकरण पर क्या सफाई देते हैं या पूरे संदर्भ को सामने रखते हैं।