दीया मिर्जा के समर्थन में अदालत, धर्म से ऊपर पर्यावरण और प्रदूषण का मुद्दा

dia mirza
भोजराज नावानी
भोजराज नावानी

दीवाली के त्योहार के दौरान अभिनेत्री दीया मिर्जा के एक जागरूकता वीडियो पर छिड़े राजनीतिक विवाद को बॉम्बे हाई कोर्ट ने खत्म कर दिया है। अदालत ने उन बीजेपी नेताओं की कड़ी आलोचना की है जिन्होंने दीया मिर्जा के वीडियो क्लिप पर सवाल खड़े किए थे। इसके साथ ही, हाई कोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को यह स्पष्ट निर्देश दिया है कि वह अभिनेत्री के हटाए गए वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दोबारा बहाल करे।

यह पूरा विवाद उस वीडियो को लेकर था, जिसमें दीया मिर्जा ने नागरिकों से बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे न जलाने की अपील की थी। बीएमसी ने पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने और प्रदूषण रोकने के लिए जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस अभियान में दीया मिर्जा को शामिल किया था। हालांकि, राजनीतिक विरोध के चलते इस वीडियो को बीएमसी के सोशल मीडिया हैंडल से हटा दिया गया था।

“नेताओं की बेतुकी टिप्पणियों से परेशान है कोर्ट”

सुनवाई के दौरान जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस डॉ. नीला गोखले की बेंच ने बेहद सख्त रुख अपनाया। अदालत ने कहा कि कुछ राजनेताओं की बेतुकी टिप्पणियों से वे परेशान हैं और उन्हें यह याद रखना चाहिए कि “भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है।” कोर्ट के इस आदेश के बाद बीएमसी प्रशासन पर वीडियो को तुरंत रिस्टोर करने का दबाव बढ़ गया है।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति के बाद बीएमसी ने इस वीडियो को हटा दिया। वहीं, मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने इस वीडियो को लेकर दीया मिर्जा को ‘हिंदू-विरोधी’ करार दिया था। जबकि हैरानी की बात यह थी कि यह जन-जागरूकता अभियान खुद बीएमसी ने ही शुरू किया था, जिसका दीया मिर्जा ने सिर्फ समर्थन किया था।

हाई कोर्ट के आदेश पर शुरू हुआ था अभियान

गौरतलब है कि मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट ने ही बीएमसी को निर्देश दिए थे कि दिवाली पर कम से कम पटाखे जलाए जाएं और पर्यावरण अनुकूल तरीके से पर्व मनाया जाए। इसी आदेश का पालन करते हुए बीएमसी ने नागरिकों से अपील की थी और इसके प्रचार के लिए दीया मिर्जा के अलावा माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे जैसी जानी-मानी हस्तियों के वीडियो भी बनवाए थे। अन्य हस्तियों के वीडियो बीएमसी के ‘एक्स’ और इंस्टाग्राम अकाउंट पर अब भी मौजूद हैं, जबकि केवल दीया मिर्जा के वीडियो को ही हटाया गया था।