16 से 19 नवंबर तक अमेरिका जा सकते हैं राहुल, बीजेपी ने उठाए सवाल

rahul
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नवंबर के तीसरे सप्ताह में संभावित अमेरिका दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी इस दौरे के दौरान प्रवासी भारतीयों और विश्वविद्यालय के छात्रों को संबोधित कर सकते हैं। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस द्वारा न्यूयॉर्क और शिकागो में उनके कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, और संसद के शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले उनके देश लौटने की संभावना है।

हालांकि, इस विदेश दौरे की खबर सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस नेता पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी देश की राजनीति से बचने के लिए विदेश जा रहे हैं।

बीजेपी नेताओं का तीखा हमला

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे ज्यादा दिन भारत में रह ही नहीं पाते और एक बार फिर ‘छुट्टी एंजॉय’ करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “इस दौरान वह अपने अराजकतावादी दोस्तों से मिलेंगे। जब वह विदेश में ज्यादा समय बिताते हैं और देश में कम रहते हैं, तो फिर भारत के लोगों से वोटों की उम्मीद क्यों कर रहे हैं? यह वोट चोरी नहीं, बल्कि ‘राहुल गांधी की कामचोरी’ है।”

वहीं, बीजेपी महासचिव राम माधव ने भी राहुल गांधी के बार-बार विदेश जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर तीन महीने के बाद राहुल गांधी देश से गायब हो जाते हैं और विदेश में पाए जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे कहां जाते हैं, इस बारे में कोई नहीं जानता और अब उन्हें न तो कोई समझ सकता है और न ही पार्टी उन्हें गंभीरता से लेती है।

दूसरी ओर, कांग्रेस समर्थकों और पार्टी सूत्रों का मानना है कि इस तरह के दौरों का उद्देश्य वैश्विक मंचों और प्रवासी भारतीयों के बीच संवाद स्थापित करना है, लेकिन बीजेपी के इन बयानों से एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है।