गोरखपुर: गीडा में 700 करोड़ से बनेगा 4.5 किमी लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर

express
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

 उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे और हाईवे नेटवर्क के विस्तार के बाद अब गोरखपुर के इंफ्रास्ट्रक्चर को एक बड़ी रफ्तार मिलने जा रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) चौराहे पर एक नया एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने जा रहा है। 700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस 4.5 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है। इसके निर्माण से गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर सफर करने वाले लोगों को सहजनवा में लगने वाले भारी जाम से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।

68 पिलर पर टिकेगा फोर और सिक्स लेन का फ्लाईओवर

यह एलिवेटेड ब्रिज गैलेंट इस्पात के गेट से शुरू होकर कालेसर गांव में ग्राहक सेवा केंद्र तक जाएगा। योजना के मुताबिक, इस पूरे फ्लाईओवर को 68 पिलर पर खड़ा किया जाएगा। इसका शुरुआती 2 किलोमीटर का हिस्सा फोरलेन का होगा। इसके बाद थाना तिराहे से कालेसर गांव के ठीक पहले तक के करीब 2.5 किलोमीटर हिस्से को सिक्स लेन बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है। पूरे ब्रिज पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और ग्रीन बेल्ट भी विकसित की जाएगी।

बस्ती, अयोध्या और लखनऊ जाने वालों का बचेगा समय

वर्तमान में गीडा (GIDA) की फैक्टरियों की तरफ मुड़ने वाले भारी ट्रकों और बसों के कारण गोरखपुर-लखनऊ मार्ग पर अक्सर ट्रैफिक धीमा हो जाता है, जिससे सुबह-शाम भयंकर जाम की स्थिति पैदा होती है। नए फोरलेन एलिवेटेड ब्रिज के बन जाने से कालेसर जीरो पॉइंट से रहीमाबाद की ओर आने-जाने वाले लोगों को सीधा और आरामदायक रास्ता मिलेगा। इस फ्लाईओवर से गुजरने वाले मालवाहक वाहनों और बस्ती, अयोध्या तथा लखनऊ की तरफ जाने वाली गाड़ियों के सफर में लगने वाले समय में भारी कमी आएगी।

स्थानीय लोगों के लिए नीचे बनेगी सर्विस रोड

लंबी दूरी के वाहनों को ऊपर से निकालने के साथ ही स्थानीय ट्रैफिक और इंडस्ट्रियल एरिया के लिए फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। थाना तिराहे से कालेसर गांव से पहले तक सड़क के दोनों तरफ 11-11 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनेगी। इसके अलावा, गैलेंट इस्पात कारखाने के गेट से थाना चौराहे तक 7.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड और जल निकासी के लिए 1.5 मीटर चौड़ी नाली का निर्माण भी किया जाएगा।