कोलकाता भगदड़ पर BJP नेताओं के बेशर्म बयान, क्योंकि शर्म इन्हें आती नहीं

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की दर्दनाक घटना पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं द्वारा इस हादसे पर दी गई प्रतिक्रियाओं ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
सजल घोष का विवादित बयान: ‘गलती है, लेकिन अमेरिका भी अपने राष्ट्रपति नहीं बचा पाया’
बीजेपी विधायक सजल घोष ने इस भगदड़ को गलती मानते हुए कहा है कि दुनिया में कुछ भी ‘फूल-प्रूफ’ (पूरी तरह सुरक्षित) नहीं होता।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में सजल घोष ने कहा, “किसी को बख्शा नहीं जाएगा और कुछ भी छिपाने की कोशिश नहीं की जा रही है। लेकिन अमेरिका भी अपने राष्ट्रपति की सुरक्षा नहीं कर पाया, हमने भी दो प्रधानमंत्रियों को खोया है। गलतियां होती हैं, कुछ भी पूरी तरह फूल-प्रूफ नहीं होता।”
बारिश को एक बड़ी वजह बताते हुए घोष ने आगे कहा, “यह बताना जल्दबाजी होगी कि असल में गलती कहां हुई। हमें स्वीकार करना चाहिए कि गलतियां हो सकती हैं। अगर बारिश नहीं होती, तो शायद हमें ऐसी घटना का सामना नहीं करना पड़ता।”
दिलीप घोष का बयान: ‘धार्मिक स्थानों पर भीड़ में कभी-कभी ऐसा हो जाता है’
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने भी इस घटना पर ऐसी ही प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही के कारण कभी-कभी ऐसी घटनाएं हो जाती हैं।
मीडिया से बातचीत में दिलीप घोष ने कहा, “जो घटना हुई है वो दुर्भाग्यपूर्ण है… कभी-कभी हो जाता है। हर एक पूजा में लाखों लोग दर्शन करते हैं। हमारे देश में कई धार्मिक स्थानों पर जहां बहुत भीड़ होती है, वहां कभी न कभी घटना घट जाती है। आयोजकों को और ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।”
दिलीप घोष ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और पार्टी के बड़े नेता मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “घायलों की चिकित्सा के लिए पूरी व्यवस्था है। पूजा अभी भी चालू है, बंद नहीं होनी चाहिए।”
कांग्रेस ने जताई कड़ी आपत्ति
बीजेपी नेताओं, विशेषकर दिलीप घोष के इस बयान पर कांग्रेस (Congress) ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने ‘एक्स’ (X) पर दिलीप घोष के बयान का वीडियो शेयर करते हुए निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “यह बंगाल के बीजेपी नेता दिलीप घोष हैं। चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल हादसे पर कह रहे हैं कि घटना बहुत दुखदाई है और कभी-कभी हो जाता है।”

