BJP-BSP से मंत्री पद का प्रस्ताव मिलने का दावा, अजय राय का ये है प्लान B

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हाल ही में मुक्त किए गए अजय राय ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी सियासी जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है। शनिवार को एक बड़े काफिले के साथ वाराणसी की पिंडरा विधानसभा पहुंचे कांग्रेस नेता ने प्राचीन मां दुर्गा मंदिर में दर्शन-पूजन कर अपने चुनाव प्रचार का औपचारिक आगाज किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए दावा किया कि अतीत में उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की तरफ से कैबिनेट मंत्री पद के प्रस्ताव मिल चुके हैं।
बसपा और बीजेपी के ऑफर का दावा
निजी न्यूज़ चैनेल से बातचीत के दौरान अजय राय ने अपने राजनीतिक सफर और विपक्षी दलों के प्रस्तावों का जिक्र किया। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मायावती के नेतृत्व वाली बसपा सरकार के दौरान उन्हें नसीमुद्दीन सिद्दीकी की तरफ से कैबिनेट मंत्री बनने का प्रस्ताव दिया गया था। इसके अलावा, बीजेपी की तरफ से भी उन्हें पहले ऑफर मिल चुका है। कांग्रेस नेता ने इन प्रस्तावों को ठुकराने की बात कहते हुए स्पष्ट किया कि वह हमेशा अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ते आए हैं और उनकी यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
‘राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना संकल्प’
लखनऊ स्थित कांग्रेस दफ्तर में हुए हालिया हंगामे और अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में अजय राय के पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज थीं। इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए उन्होंने कांग्रेस के साथ अपने जुड़ाव को अटूट बताया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनका राजनीतिक संकल्प राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने बताया कि नवरात्र के दौरान माता के दर्शन करने की उनकी पुरानी परंपरा रही है और अब वह अपने घर यानी पिंडरा विधानसभा के लोगों के बीच वापस जा रहे हैं।
पिंडरा से चुनाव लड़ने का ऐलान, दी चुनौती
अपने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करते हुए अजय राय ने आगामी विधानसभा चुनाव में पिंडरा सीट से ही चुनावी मैदान में उतरने की पुष्टि की है। पांच बार के विधायक रह चुके राय ने कहा कि पिंडरा उनका परिवार है और उनके सियासी सफर में इस क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार के चुनाव में भी पिंडरा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ेगा।

