NDA में सीट बंटवारे पर हलचल, राजभर ने BJP को सौंपी 33 सीटों की सूची

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के साथ ही सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भीतर सीट बंटवारे को लेकर सियासी हलचल और दबाव की राजनीति तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा/SBSP) के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी के सामने 33 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
सुभासपा की इस बड़ी मांग ने बीजेपी नेतृत्व के सामने सीट शेयरिंग को लेकर एक नई चुनौती खड़ी कर दी है, क्योंकि राजभर ने जिन सीटों की मांग की है, उनमें से कई सीटों पर खुद बीजेपी के मौजूदा विधायक काबिज हैं।
अरविंद राजभर ने नितिन नबीन को सौंपी 33 सीटों की लिस्ट
सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने हाल ही में दिल्ली पहुंचकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस अहम बैठक के दौरान अरविंद राजभर ने पार्टी प्रमुख ओपी राजभर की तरफ से 33 सीटों की एक विस्तृत सूची बीजेपी अध्यक्ष को सौंपी, जिन पर सुभासपा चुनाव लड़ना चाहती है।
बीजेपी की 9 सिटिंग सीटों पर राजभर की नजर, मंत्री अनिल राजभर की सीट भी शामिल
सुभासपा द्वारा सौंपी गई इस लिस्ट ने सबसे ज्यादा टेंशन इसलिए बढ़ाई है, क्योंकि इसमें ऐसी 9 सीटें भी शामिल हैं, जिन पर फिलहाल बीजेपी का कब्जा है।
सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम वाराणसी जिले की ‘शिवपुर’ सीट का है। शिवपुर से वर्तमान में योगी सरकार के मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता अनिल राजभर विधायक हैं। शिवपुर सीट पर सुभासपा की सीधी दावेदारी से आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच खींचतान और बयानबाजी तेज होने की पूरी संभावना है।
पूर्वांचल पर राजभर का सबसे ज्यादा फोकस
सुभासपा ने जो सूची सौंपी है, उसमें मुख्य रूप से पूर्वांचल की अहम और राजभर बहुल सीटों को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख हैं:
-
गाजीपुर: जहूराबाद और जखनिया
-
जौनपुर: जफराबाद और केराकत
-
वाराणसी: अजगरा और शिवपुर
-
मऊ: मऊ सदर और घोसी
-
आजमगढ़: अतरौलिया, दीदारगंज और मेहनगर
-
बलिया: बेल्थरा रोड, रसड़ा और सिकंदरपुर
अवध और तराई क्षेत्र की इन सीटों पर भी ठोका दावा
पूर्वांचल के अलावा, सुभासपा ने अवध, तराई और मध्य यूपी के कई अन्य जिलों में भी अपनी राजनीतिक जमीन तलाशते हुए सीटें मांगी हैं। इनमें अंबेडकरनगर की अकबरपुर, सुल्तानपुर की इसौली, बस्ती की महादेवा और रुधौली, कुशीनगर की रामकोला और खड्डा, देवरिया की रामपुर कारखाना और बाराबंकी की रामनगर सीट शामिल है।
इसके साथ ही, हरदोई की संडीला, बलरामपुर की उतरौला, बहराइच की बलहा, सिद्धार्थनगर की डुमरियागंज और इटवा, मीरजापुर की मझवां, सीतापुर की महोली और मुरादाबाद (ग्रामीण) सीट पर भी सुभासपा ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
अब सबकी निगाहें बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं कि वह अपने इस सहयोगी दल की 33 सीटों की भारी-भरकम मांग पर क्या रुख अपनाता है और गठबंधन में सीट बंटवारे का पेंच कैसे सुलझाया जाता है।

