योग की शुरुआत कर रहे हैं? ताड़ासन और बालासन से करें शुरुआत

शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग प्राचीन भारत का एक अनमोल उपहार है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, शरीर का लचीलापन बढ़ता है, मांसपेशियां मजबूत होती हैं और एकाग्रता में सुधार होता है। जो लोग पहली बार योग की दुनिया में कदम रख रहे हैं, उनके लिए ताड़ासन और बालासन को सबसे सरल और प्रभावी शुरुआत माना जाता है।
ताड़ासन: शरीर का पोश्चर सुधारने में मददगार
-
कैसे करें: इस आसन को करने के लिए जमीन पर सीधे खड़े हो जाएं। शरीर को बिल्कुल सीधा रखते हुए हाथों और रीढ़ की हड्डी को ऊपर की ओर स्ट्रेच करें।
-
प्रमुख फायदे: यह आसन शरीर का पोश्चर सुधारने और संतुलन व स्थिरता बनाए रखने में बेहद कारगर है। इसके नियमित अभ्यास से पैरों और टखनों की मांसपेशियां सक्रिय और मजबूत होती हैं।
-
कितनी देर करें: शुरुआत में इस मुद्रा को 20 से 30 सेकंड तक होल्ड करें और अपनी क्षमता के अनुसार इसे 2 से 3 बार दोहराएं।
बालासन (चाइल्ड पोज): तनाव दूर करने का अचूक उपाय
-
कैसे करें: घुटनों के बल (वज्रासन में) बैठ जाएं। अब गहरी सांस छोड़ते हुए शरीर के ऊपरी हिस्से को आगे की ओर झुकाएं और माथे को जमीन से छुआने का प्रयास करें।
-
प्रमुख फायदे: बालासन शरीर को पूर्ण विश्राम देने वाला आसन है। यह पीठ और कंधों की जकड़न व तनाव को दूर करने के साथ-साथ मन को गहरी शांति प्रदान करता है।
-
कितनी देर करें: शुरुआत में इस मुद्रा में 30 से 60 सेकंड तक बने रहें और इसे 2 से 3 बार आराम से दोहराएं।
सलाह और सावधानियां
योग करते समय अपनी सांसों की गति बिल्कुल सामान्य रखें। किसी भी मुद्रा या आसन को करते समय शरीर के साथ जबरदस्ती न करें; यदि दर्द या असहजता महसूस हो, तो तुरंत रुक जाएं। यदि आप किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं, तो योग दिनचर्या शुरू करने से पहले अपने चिकित्सक या प्रमाणित योग विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।
