‘लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रहेगी’, INDIA रैली में ममता का संदेश

mamta
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखे हमले किए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए दावा किया कि विपक्ष चुनाव हारा नहीं है, बल्कि उसे सुनियोजित तरीके से हराया गया है।

‘उन्होंने EVM लूटा, वोट लूटा, संविधान लूटा’

रामलीला मैदान के मंच से विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “हम हारे नहीं, हमें हराया गया है। बंगाल में हमको हराया गया।” उन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए आगे कहा, “उन्होंने ईवीएम (EVM) लूटा, वोट लूटा, संविधान लूटा।”

‘बंगाल SIR का पीड़ित, ज्ञानेश कुमार ने मतगणना हाईजैक की’

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “बंगाल SIR की पीड़ित है। ज्ञानेश कुमार ने मतगणना भी हाईजैक की।” उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सीधा सवाल खड़ा करते हुए देश की चुनावी व्यवस्था को बचाने का आह्वान किया।

‘हम छोड़ेंगे नहीं, हम लड़ेंगे’

INDIA गठबंधन की एकजुटता और आगे की रणनीति का स्पष्ट संदेश देते हुए ममता बनर्जी ने अपने जोशीले अंदाज में कहा, “मैं ये कहना चाहती हूं कि हम छोड़ेंगे नहीं, हम लड़ेंगे। हम लोकतंत्र को बचाएंगे।”

ममता बनर्जी का यह बयान उस समय आया है, जब INDIA गठबंधन SIR प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने का आरोप लगा रहा है। विपक्ष ने रामलीला मैदान की इस रैली को ‘लोकतंत्र और वोट बचाने की लड़ाई’ करार दिया है।