सिर पर लहसुन रगड़ने से उग आते हैं नए बाल? वायरल नुस्खे की पूरी सच्चाई

खराब लाइफस्टाइल के कारण बालों का झड़ना आज एक आम समस्या बन गई है। इसे रोकने और गंजापन दूर करने के लिए सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जाते हैं, जिनमें लहसुन को सिर पर रगड़ना काफी चर्चा में रहता है। अक्सर यह दावा किया जाता है कि लहसुन बालों को मजबूत बनाने, नए बाल उगाने और झड़ने से रोकने में काफी असरदार है।
लहसुन के रस का इस्तेमाल और वायरल दावे
यूट्यूब चैनल ‘@DrCures’ पर शेयर किए गए एक वीडियो में गंजापन दूर करने के लिए लहसुन के इस्तेमाल का तरीका बताया गया है। वीडियो के मुताबिक, एक लहसुन को कद्दूकस करके उसका ताजा रस निकाल लें। इस रस को कॉटन बॉल या ड्रॉपर की मदद से स्कैल्प पर लगाएं और 5-7 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें। चैनल का दावा है कि ऐसा करने से बालों का झड़ना कम होता है।
क्या कहते हैं अध्ययन और लहसुन के गुण?
लहसुन में सल्फर, सेलेनियम और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। ये तत्व स्कैल्प को स्वस्थ रखने और ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने में फायदेमंद माने जाते हैं। कुछ अध्ययनों में यह देखा गया है कि लहसुन का जेल ‘एलोपेसिया एरेटा’ (alopecia areata) जैसे बाल झड़ने के प्रकारों में सहायक हो सकता है। इसके अलावा, लहसुन में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण बालों से रूसी (dandruff) की समस्या को खत्म करने और स्कैल्प की अन्य बीमारियों पर भी प्रभावकारी असर दिखाते हैं।
गंजापन दूर करने के लिए लहसुन के इस्तेमाल के तरीके
दावों के मुताबिक, लहसुन के रस को घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है:
लहसुन और नारियल का तेल: 6-7 लहसुन की कलियों को कूटकर नारियल तेल या जैतून के तेल में हल्का गर्म कर लें। ठंडा होने के बाद इसे छान लें। इस तेल को गंजेपन वाली जगह या स्कैल्प पर लगाकर हल्के हाथों से मालिश करें और 1 से 2 घंटे बाद किसी शैंपू से बाल धो लें।
लहसुन और शहद का पेस्ट: लहसुन की कुछ कलियों को पीसकर उसका थोड़ा सा रस निकाल लें और उसमें बराबर मात्रा में शहद मिला लें। इस पेस्ट को गंजेपन वाली जगह पर लगाएं। इसे लगभग 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर गुनगुने पानी या शैंपू से धो लें।

