ग्लोबल कंपनियों के लिए UAE में बदले Tax नियम, Top-up Tax Guide जारी

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फेडरल टैक्स अथॉरिटी (FTA) ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNE Groups) के लिए ‘टॉप-अप टैक्स’ के दायरे और पंजीकरण को लेकर एक नई विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। इस गाइड का उद्देश्य देश में काम कर रही बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों को ‘क्वालिफाइड डोमेस्टिक मिनिमम टॉप-अप टैक्स’ (QDMTT) कानून के तहत उनके पंजीकरण दायित्वों और कानूनी दायरे को समझने में मदद करना है। यह दस्तावेज विशेष रूप से बहुराष्ट्रीय समूहों से जुड़ी संस्थाओं के टैक्स सलाहकारों और टैक्स एजेंटों के लिए तैयार किया गया है।
किन कंपनियों पर लागू होगा नया नियम?
QDMTT कानून के तहत टॉप-अप टैक्स का नियम यूएई में स्थित उन कंपनियों पर लागू होगा, जो ऐसे बहुराष्ट्रीय समूह का हिस्सा हैं जिनका वार्षिक कंसोलिडेटेड रेवेन्यू संबंधित वित्तीय वर्ष से ठीक पहले के चार वर्षों में से कम से कम दो वर्षों में 75 करोड़ यूरो (EUR 750 million) या उससे अधिक रहा हो।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जो व्यावसायिक समूह अपना पूरा कामकाज केवल संयुक्त अरब अमीरात की सीमाओं के भीतर ही संचालित करते हैं, वे इस कानून के दायरे में नहीं आएंगे, भले ही उनका वार्षिक राजस्व कितना भी अधिक क्यों न हो।
OECD के ‘पिलर टू’ फ्रेमवर्क के तहत व्यवस्था
यूएई में टॉप-अप टैक्स का क्रियान्वयन OECD/G20 के ‘टू-पिलर सॉल्यूशन’ का हिस्सा है, जिसका मकसद डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़ी कर चुनौतियों का समाधान करना और बेस इरोजन को रोकना है। इसके तहत ‘ग्लोबल एंटी-बेस इरोजन’ (GloBE) नियमों के जरिए यह तय किया जाता है कि बड़े बहुराष्ट्रीय समूह जिन देशों में भी कारोबार करें, वहां उन पर कम से कम 15 प्रतिशत का प्रभावी टैक्स रेट लागू हो।
यूएई ने वैश्विक मानकों के अनुरूप 1 जनवरी 2025 या उसके बाद शुरू होने वाले वित्तीय वर्षों के लिए QDMTT कानून लागू किया है। इसके जरिए यूएई को देश में उत्पन्न मुनाफे पर प्राथमिक टैक्स अधिकार सुरक्षित रखने की सुविधा मिलती है। यूएई को 18 अगस्त 2025 को OECD के केंद्रीय रिकॉर्ड में “ट्रांजिशनल क्वालिफाइड” दर्जा भी दिया गया था।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और रिटर्न फाइलिंग की जानकारी
जारी की गई गाइड में कंपनियों की विभिन्न श्रेणियों, परमानेंट एस्टेब्लिशमेंट (PE), जॉइंट वेंचर्स, फ्लो-थ्रू एंटिटीज और हाइब्रिड एंटिटीज के टैक्स ट्रीटमेंट को उदाहरणों के साथ समझाया गया है। इसके अलावा, संस्थाओं की लोकेशन तय करने के नियम, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और ‘पिलर टू इंफॉर्मेशन रिटर्न’ फाइल करने की औपचारिक समयसीमा का भी ब्योरा दिया गया है।
अथॉरिटी ने दी पूरी गाइड पढ़ने की सलाह
फेडरल टैक्स अथॉरिटी ने रेखांकित किया है कि यह गाइड यूएई के कर ढांचे को पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के प्रयासों का हिस्सा है। FTA ने बहुराष्ट्रीय समूहों से जुड़ी सभी कंपनियों और टैक्स प्रोफेशनल्स को सलाह दी है कि वे अपने टैक्स दायित्वों का सही आकलन करने के लिए गाइड के सभी तकनीकी पहलुओं और परिभाषाओं का विस्तृत अध्ययन करें।

