बिहार MLC चुनाव में नोटों की तस्वीर से सियासी घमासान, BJP ने मांगी जांच

pk
आलोक सिंह
आलोक सिंह

 बिहार में 23 अक्टूबर को आठ सीटों पर होने वाले विधान परिषद (MLC) चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ पर चुनाव प्रचार सामग्री के साथ 500 रुपये के नोट बांटने का आरोप लगा है। बिहार बीजेपी के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने एक वायरल तस्वीर के हवाले से जन सुराज को कठघरे में खड़ा किया था। अब प्रशांत किशोर (पीके) और उनकी पार्टी ने इन आरोपों का कड़ा जवाब दिया है।

‘सरकार तुम्हारी, उद्योगपति तुम्हारे… और पैसा हम बांट रहे?’

शनिवार (17 अक्टूबर 2026) को एमएलसी चुनाव के प्रचार के लिए नालंदा पहुंचे प्रशांत किशोर ने नोट बांटने के सवाल पर बीजेपी पर सीधा निशाना साधा। पीके ने कहा, “दानिश इकबाल बीजेपी के मीडिया प्रभारी हैं, तो क्या वह जन सुराज की तारीफ करेंगे? आज देश में बीजेपी से ज्यादा पैसा किसके पास है? सरकार तुम्हारी है, दिल्ली में तुम्हारा शासन है, सारे उद्योगपति तुम्हारे साथ हैं और पैसा जन सुराज बांट रहा है?”

उन्होंने वायरल वीडियो को महज भ्रामक प्रचार बताते हुए जनता से अपील की कि वे खुद इसकी सच्चाई की जांच कर लें।

शिक्षा, रोजगार और ‘बेलगाम व्यवस्था’ पर वार

नालंदा में अपने संबोधन के दौरान प्रशांत किशोर ने मतदाताओं से जाति और धर्म के बंधनों से ऊपर उठकर वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने बच्चों की शिक्षा, रोजगार, शिक्षकों के सम्मान और उनके वेतनमान के आधार पर मतदान करें। प्रदेश की सत्ता व्यवस्था पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि अब लोगों को ही यह तय करना है कि वे सम्राट चौधरी की ‘बेलगाम व्यवस्था’ में रहना चाहते हैं या उस पर अंकुश लगाना चाहते हैं।

‘सबूत है तो चुनाव आयोग में शिकायत करें’

नोट बांटने की वायरल तस्वीर पर जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने बीजेपी को सीधे चुनौती दी है। कुमार सौरभ ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक फर्जी पैंपलेट बनाकर, उम्मीदवार की तस्वीर के साथ पैसे रखकर फोटो वायरल की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया, “अगर कोई ठोस सबूत है या जन सुराज से जुड़ा कोई व्यक्ति इसमें शामिल है, तो चुनाव आयोग में जाकर शिकायत दर्ज कराइए। सिर्फ मीडिया में हवाबाजी करने से काम नहीं चलेगा।”

इन दो वादों से बीजेपी घबराई हुई है

जन सुराज का दावा है कि चार स्नातक और चार शिक्षक सीटों पर हो रहे इस चुनाव में पार्टी के चुनावी वादों ने सत्ता पक्ष को बेचैन कर दिया है। पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक, जन सुराज ने शिक्षकों के लिए सातवें वेतनमान का मुद्दा पूरी मजबूती से उठाया है। साथ ही यह वादा किया है कि जिन स्नातक क्षेत्रों से पार्टी जीतेगी, वहां के 10 हजार युवाओं को नौकरी दी जाएगी। जन सुराज का आरोप है कि इन्हीं घोषणाओं के कारण घबराहट में भारतीय जनता पार्टी तरह-तरह के फर्जी एजेंडे चला रही है।