अखिलेश ने नेहा की हिरासत पर जताई चिंता, दिल्ली पुलिस ने बताई कार्रवाई

akhilesh-yadav-1751879685
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मामले को अति संवेदनशील बताते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी। हालांकि, विवाद बढ़ता देख दिल्ली पुलिस ने मामले में स्पष्टीकरण जारी कर दिया है।

अखिलेश यादव ने उठाए गंभीर सवाल

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस कार्रवाई पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “ये बेहद गंभीर मामला है कि डिटेन की गई नेहा बोरा कहां हैं, इसकी कहीं कोई खबर नहीं है। एक नारी को रात में डिटेन करके कहां ले जाया गया है, पुलिस इसका खुलासा करे।”

सपा प्रमुख ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) से भी अपील की कि वह इस अति संवेदनशील प्रकरण का तुरंत संज्ञान ले। इसके साथ ही उन्होंने नेहा बोरा को तुरंत रिहा करने की सख्त मांग की थी।

दिल्ली पुलिस की सफाई: ‘नेहा बोरा रिहा’

मामले के तूल पकड़ने और राजनीतिक दबाव के बीच दिल्ली पुलिस ने हिरासत को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा और CJP के अभिजीत दीपके को 16 अक्टूबर की शाम को एहतियाती धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया था।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत रिहा कर दिया गया है।

अभिजीत दीपके पर कानूनी कार्रवाई जारी

दिल्ली पुलिस ने यह भी बताया कि इस मामले में हिरासत में लिए गए दूसरे शख्स अभिजीत दीपके के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, दीपके को जल्द ही एसईएम (SEM – Special Executive Magistrate) कोर्ट में पेश किया जाएगा।