BJP को संजय निषाद का दोटूक संदेश, ‘जिसने धोखा दिया वो धोखा खाएगा’

sanjay
Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली में आयोजित ‘संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन’ में उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अगर निषाद समुदाय को आरक्षण नहीं मिला, तो वे एनडीए (NDA) से गठबंधन तोड़ सकते हैं।

‘बीजेपी ने धोखा दिया तो वह भी धोखा खाएगी’

संजय निषाद ने दिल्ली के मंच से कहा कि निषाद पार्टी के 2013 से 2026 तक के 10 साल बेमिसाल रहे हैं। पार्टी अब सिर्फ नाव चलाने वाली नहीं, बल्कि चुनाव लड़ने वाली ताकत बन गई है। उन्होंने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा, “बीजेपी भी समझ ले मछुआरों को आरक्षण देना ही पड़ेगा। अगर आरक्षण लागू नहीं किया तो बीजेपी भी धोखा खाएगी। जिसने हमको धोखा दिया है, उसने धोखा खाया है।”

‘जय भीम की तरह जय निषादराज वाले भी हक लेंगे’

आरक्षण की मांग को पुरजोर तरीके से उठाते हुए निषाद ने कहा कि उनके पुरखों ने संविधान लिखवाया था। दलितों (‘जय भीम’ वालों) ने अपने अधिकार लागू करवा लिए हैं, अब ‘जय निषादराज’ वाले भी अपना हक लेकर रहेंगे।

उन्होंने आक्रामक लहजे में कहा, “हाथी वालों ने अपना हक ले लिया, अब हमको भी अपना हक लेना है। आरक्षण मिला तो शांति रहेगी, नहीं तो क्रांति होगी। हम 24 कैरेट के राष्ट्रवादी हैं, हमें राशन नहीं शासन चाहिए।”

सपा के साथ गोरखपुर-फूलपुर जीत की दिलाई याद

संजय निषाद ने अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास दिलाने के लिए पुराने चुनावों का जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि जब वे समाजवादी पार्टी के साथ थे, तब गोरखपुर और फूलपुर दोनों जगह बीजेपी को चुनाव हराया था।

बकौल संजय निषाद, “उस समय मैंने सपा से कहा था कि जब तक दरवाजा बंद नहीं कर देंगे, तब तक नहीं जाऊंगा। अब बीजेपी से कहता हूं, आरक्षण पर जवाब दो। मैं जवाब का इंतजार कर रहा हूं।”

OBC से हटाकर SC में शामिल करने की मांग

निषाद पार्टी प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे मांग की कि निषाद समुदाय का नाम ओबीसी (OBC) सूची से खारिज कर अनुसूचित जाति (SC) में जोड़ा जाए। उन्होंने दावा किया कि आज सपा, बसपा और कांग्रेस समेत सभी दल निषाद पार्टी को साथ लेने की बात कर रहे हैं। बिना आरक्षण के वे किसी से समझौता नहीं करेंगे और अकेले चुनाव में जाएंगे।

विधायकों और सांसदों के घेराव की चेतावनी

सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय निषाद ने उग्र आंदोलन की रूपरेखा भी रखी। उन्होंने कहा कि अगर आरक्षण का रास्ता बंद किया गया तो विधानसभा को बंद किया जाएगा और विधायकों व सांसदों का घेराव होगा।

उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “बीजेपी की आज केंद्र और यूपी दोनों जगह सरकार है, उन्हें फैसला लेना है। सत्ता में रहकर आरक्षण नहीं दे रही, इसका मतलब वो धोखा दे रही है। अगर रास्ता बंद होता है तो हम लोग स्वतंत्र हैं।”