यूपी में वोटर आईडी कार्ड कब तक घर पहुंचेगा? चुनाव आयोग ने बता दी तारीख

vote
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाताओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से अपने नए फोटो पहचान पत्र (EPIC) का इंतजार कर रहे वोटरों को अब जल्द ही उनके कार्ड मिल जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग ने कार्ड की छपाई और वितरण में हुई देरी की वजह स्पष्ट करते हुए डिलीवरी का नया शेड्यूल जारी कर दिया है।

नवंबर और दिसंबर तक घर-घर पहुंचेंगे कार्ड

चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जिन मतदाताओं का नाम जुलाई के अंत तक वोटर लिस्ट में दर्ज किया गया था, उन्हें नवंबर के अंत तक स्पीड पोस्ट के माध्यम से ईपीआईसी (EPIC) कार्ड प्राप्त हो जाएंगे। वहीं, जिन लोगों ने अगस्त, सितंबर और अक्टूबर के महीने में मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाया है, उन्हें 31 दिसंबर तक पहचान पत्र डिलीवर कर दिए जाएंगे। आयोग ने कार्ड पहुंचने में हुई इस देरी के लिए खेद भी जताया है।

नई निविदा के कारण हुई छपाई में देरी

राज्य के निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को वोटर आईडी मिलने में हुई इस देरी का मुख्य कारण प्रिटिंग प्रक्रिया थी। ईपीआईसी प्रिंटिंग फर्मों के चयन के लिए नई निविदा (टेंडर) को अंतिम रूप देने में उम्मीद से ज्यादा समय लग गया, जिसके चलते कार्डों की छपाई और वितरण का काम प्रभावित हुआ। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद पेंडिंग कार्डों को जल्द से जल्द भेजने का काम शुरू कर दिया गया है।

क्या होता है EPIC कार्ड?

EPIC यानी इलेक्शन फोटो आइडेंटिटी कार्ड, जिसे आम बोलचाल में वोटर आईडी या मतदाता पहचान पत्र भी कहा जाता है। यह भारतीय चुनाव आयोग द्वारा जारी किया जाने वाला एक आधिकारिक दस्तावेज है। इस कार्ड पर एक विशेष अल्फान्यूमेरिक पहचान संख्या दर्ज होती है, जिसे EPIC नंबर कहा जाता है। मतदान के समय वोटरों की पहचान सुनिश्चित करने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस कार्ड का इस्तेमाल किया जाता है। चुनाव आयोग ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्ड वितरण की इस पूरी प्रक्रिया को तेज कर दिया है।