‘संसद में आकर बहस करो’, अमित शाह ने राहुल गांधी को दी खुली चुनौती

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट (चर्चा) के लिए दिए गए चैलेंज का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करारा जवाब दिया है। हरियाणा के करनाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला और संसद में उनके रवैये पर कड़े सवाल उठाए।
‘चर्चा करनी है तो पत्र लिख दो, विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं’
अमित शाह ने राहुल गांधी की चुनौती का जवाब देते हुए कहा, “राहुल जी, मोदी जी की जरूरत नहीं है। चर्चा करनी है तो एक पत्र लिख दो मोदी जी को। हम एसआईआर (SIR) पर चर्चा के लिए विशेष संसद सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं।”
शाह ने लोकतंत्र में संसद की महत्ता बताते हुए कहा कि चर्चा के लिए संसद ही सर्वोपरि स्थान है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, “आप संसद नहीं चलने देते हो राहुल जी। संसद में हंगामा करना और कार्यवाही का बहिष्कार करना कांग्रेस पार्टी की संस्कृति का हिस्सा बन गया है।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सड़कों पर अराजकता फैलाती है।
‘संविधान का सम्मान नहीं करते राहुल बाबा’
अमित शाह ने कांग्रेस की ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “देश के 600 जिलों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली ने राहुल गांधी को करारा जवाब दिया है।”
शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद, स्पीकर और न्यायालय का अपमान करते हैं और संविधान का सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा, “राहुल बाबा बौखलाए हुए हैं, इसलिए हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रहे हैं। लोकतंत्र राहुल गांधी जी के झांसे में नहीं आएगा।”
‘घुसपैठिए बचाने की रैली कर रही है कांग्रेस’
अपने भाषण के दौरान अमित शाह ने घुसपैठ और नागरिकता के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने दावा किया, “तीन करोड़ लोगों ने राहुल गांधी को परेशान किया हुआ है। यह तीन करोड़ घुसपैठिए हैं, जिन्हें राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने जोड़ा हुआ है।” शाह ने कांग्रेस की रैली को ‘घुसपैठिया बचाने की रैली’ करार दिया।
इस दौरान उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्हें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सरकार चलाना सीखना चाहिए।
अंत में शाह ने ईवीएम और मतदाता सूची पर कांग्रेस के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा, “जहां जीतते हो वहां मतदाता सूची अच्छी है, जहां हारते हो वहां मतदाता सूची खराब है और EVM खराब है।” उन्होंने राहुल गांधी से उनकी विदेश यात्राओं का पूरा हिसाब-किताब भी देश की जनता के सामने रखने की मांग की।

