यूपी दौरे पर BJP अध्यक्ष, गोरखनाथ मंदिर में दर्शन के बाद संगठन की बैठकें

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद नितिन नबीन गुरुवार को पहली बार उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंचे। इस दौरे के दौरान उन्होंने सबसे पहले प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए और आशीर्वाद लिया।
नाथपंथ की इस प्रमुख पीठ पर पहुंचने पर बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे आत्मीय भाव से स्वागत किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ दर्शन-पूजन
गोरखनाथ मंदिर आगमन पर नितिन नबीन सीधे गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार और पूरी श्रद्धा के साथ उन्होंने दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। दर्शन के पश्चात गोरक्षपीठाधीश्वर ने उन्हें मंदिर परिसर का भ्रमण कराया और नाथपंथ की गौरवशाली परंपरा, इतिहास तथा मंदिर की कार्यप्रणाली से जुड़ी विस्तृत जानकारियां दीं।
सीएम योगी ने भेंट की गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा
मंदिर में पारंपरिक आतिथ्य के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को अंगवस्त्र ओढ़ाकर, प्रसाद और गुरु गोरखनाथ की अष्टधातु की प्रतिमा भेंटकर उनका अभिनंदन किया। मंदिर में प्रसाद और जलपान ग्रहण करने के उपरांत नितिन नबीन पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
दिग्गजों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर बीजेपी के कई दिग्गज नेता और मंत्री उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से:
-
पंकज चौधरी (बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री)
-
कमलेश पासवान (केंद्रीय राज्यमंत्री ग्रामीण विकास)
-
विनोद तावड़े (बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री)
-
धर्मपाल सिंह (प्रदेश महामंत्री संगठन)
-
स्वतंत्र देव सिंह (जलशक्ति मंत्री, यूपी सरकार)
-
रविकिशन शुक्ल (सांसद, गोरखपुर)
-
विजय दूबे (सांसद)
-
कामेश्वर सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष, बीजेपी)
-
डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव (महापौर, गोरखपुर) और विधायक विपिन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

