200 सीटों के पोस्टर पर अखिलेश का सवाल, BJP पर साजिश का आरोप क्यों?

congress
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तारीखों का अभी ऐलान भी नहीं हुआ है, लेकिन राजधानी लखनऊ में राजनीतिक हलचल और ‘पोस्टर वार’ शुरू हो चुका है। लखनऊ की सड़कों पर लगे एक पोस्टर ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। इस पोस्टर में कांग्रेस के लिए यूपी में 200 सीटों का दावा किया गया है। समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसे सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की साजिश करार दिया है। साथ ही उन्होंने उन नगर निकाय अधिकारियों को भी खुली चेतावनी दी है, जिनकी अनदेखी से ये पोस्टर लगाए जा रहे हैं।

अखिलेश का ‘X’ पर तंज: गठबंधन से BJP के पेट में हुआ दर्द

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक लंबा पोस्ट लिखकर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने लिखा, “‘गठबंधन’ से भाजपा के पेट में दर्द हुआ है, इसलिए डर के मारे वह ऐसे ‘नकली पोस्टर’ लगवा रही है।”

सपा प्रमुख ने म्युनिसिपल अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग सरेआम बिना शुल्क जमा किए पोस्टर लगवा रहे हैं, उन पर कार्रवाई न करना भ्रष्टाचार या शासन के दबाव का नतीजा है। अखिलेश ने मांग की कि ऐसे अधिकारियों को तुरंत निलंबित किया जाना चाहिए और राजस्व की हानि की भरपाई भी उन्हीं से करवानी चाहिए।

‘तारीखवार रिकॉर्ड रख रहे हैं, PDA सरकार करेगी हिसाब’

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए लिखा, “हम ऐसी सभी घटनाओं का तारीखवार रिकॉर्ड रख रहे हैं और यह भी दर्ज कर रहे हैं कि इसके लिए कौन अधिकारी जिम्मेदार था। उत्तर प्रदेश में पीडीए (PDA) सरकार आ रही है। सरकार बनने पर ED, CBI और EOW जैसी एजेंसियों को सक्रिय करके इन भ्रष्ट अधिकारियों का पूरा कच्चा-चिट्ठा खोला जाएगा और पक्का हिसाब किया जाएगा।”

कांग्रेस के पोस्टर में क्या है दावा?

दरअसल, यूपी चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन या सीट बंटवारे पर अभी तक कोई औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है। इसी बीच लखनऊ में लगे इस विवादित पोस्टर पर लिखा है: ‘200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा’। इस बड़े पोस्टर में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ-साथ स्थानीय कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें भी छापी गई हैं। इसी पोस्टर ने गठबंधन की सुगबुगाहट के बीच सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है।