AAP की पहली सूची में 40 नेताओं को मिला मौका, भगवंत मान की सीट भी तय

पंजाब में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। चुनाव से काफी पहले जारी हुई इस लिस्ट में कुल 40 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। पार्टी ने पहली सूची में ज्यादातर मौजूदा विधायकों पर ही भरोसा जताया है, जिसमें कई कैबिनेट मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं। पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं।
धुरी से फिर चुनाव लड़ेंगे CM भगवंत मान
आम आदमी पार्टी की इस पहली लिस्ट में मुख्यमंत्री भगवंत मान का नाम भी शामिल है। वे एक बार फिर संगरूर जिले की ‘धुरी’ विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी भगवंत मान ने इसी सीट से चुनाव लड़ा था और शानदार जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में भगवंत मान को 82,592 वोट मिले थे, जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के दलवीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोट हासिल हुए थे। इस तरह भगवंत मान ने एकतरफा मुकाबले में 24,386 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।
जेल से ही चुनाव लड़ेंगे मंत्री संजीव अरोड़ा
पार्टी ने पहली लिस्ट में 37 मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट दिया है। इसमें सबसे खास नाम जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा का है, जिन्हें लुधियाना वेस्ट सीट से फिर उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, अजनाला सीट से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू और मोहाली (SAS नगर) से कुलवंत सिंह को फिर से चुनावी मैदान में उतारा गया है।
सर्वे के आधार पर हुआ फैसला: सीएम मान
उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी को बधाई दी। उन्होंने बताया कि यह फैसला पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (PAC) की बैठक और पब्लिक सर्वे के आधार पर लिया गया है।
सीएम मान ने कहा, “आज PAC की एक बैठक हुई, जिसमें पंजाब विधानसभा चुनाव के टिकटों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पब्लिक सर्वे के आधार पर, जिन उम्मीदवारों को जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, उनके नाम तय कर दिए गए हैं। 40 टिकट फाइनल किए गए हैं। मैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे एक बार फिर चुनकर आएंगे।”
2022 में AAP की ऐतिहासिक जीत
साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। राज्य की 117 सीटों में से AAP ने 92 सीटें जीतकर एकतरफा पूर्ण बहुमत हासिल किया था, जबकि सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़ा 59 सीटों का होता है। माना जा रहा है कि पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव जनवरी-फरवरी के महीने तक हो सकते हैं।
पहली सूची के प्रमुख नाम
| विधानसभा सीट | उम्मीदवार |
|---|---|
| धुरी | भगवंत मान |
| कोटकपूरा | कुलतार सिंह संधवां |
| लुधियाना पश्चिम | संजीव अरोड़ा |
| अमृतसर दक्षिण | डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर |
| अजनाला | कुलदीप सिंह धालीवाल |
| बटाला | अमनशेर सिंह (शेरी कलसी) |
| तरनतारन | हरमीत सिंह संधू |
| मोगा | अमनदीप कौर अरोड़ा |
| गढ़शंकर | जय कृष्ण सिंह रौड़ी |
| मोहाली (SAS नगर) | कुलवंत सिंह |
| होशियारपुर | ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा |
| लुधियाना पूर्व | दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला |

