PoK में कश्मीरियों की हालत देखिए, अब्दुल्ला के बयान पर BJP का हमला

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जम्मू-कश्मीर, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर ‘देशविरोधी’ सोच रखने वाले तत्वों का समर्थन करने का आरोप लगाया है।
फारूक अब्दुल्ला पर तीखी टिप्पणी
गिरिराज सिंह ने फारूक अब्दुल्ला की हालिया बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें PoK में जाकर वहां के लोगों की बदतर हालत देखनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि PoK के हालात जगजाहिर हैं, इसके बावजूद कुछ नेता भारत में बैठकर अलग तरह की बातें कर रहे हैं। उन्होंने अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोलते हुए उनके बयानों को देश के हितों के खिलाफ बताया।
JNU और जामिया के नारों का जिक्र कर राहुल गांधी पर निशाना
विपक्ष पर अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाते हुए गिरिराज सिंह ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) और जामिया मिल्लिया इस्लामिया के विवादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि JNU में जब कथित तौर पर अफजल गुरु के समर्थन में नारे लगे थे, तब राहुल गांधी वहां समर्थन देने पहुंचे थे। इसके अलावा उन्होंने जामिया में लिखे गए ‘फ्री कश्मीर’ और ‘फ्री खालिद अंसारी’ जैसे नारों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे संदेश लिखने वाले लोग देश की एकता और अखंडता के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्होंने इन्हें ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का हिस्सा करार दिया।
‘अनुच्छेद 370 हटने से बदली जम्मू-कश्मीर की तकदीर’
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के फैसले का पुरजोर बचाव करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इससे घाटी की तकदीर और तस्वीर दोनों बदली हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के समय जहां आतंकवाद और पत्थरबाजी की घटनाएं सुर्खियों में रहती थीं, वहीं आज जम्मू-कश्मीर में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और पर्यटन में भारी उछाल आया है। गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर सीएए (CAA) विरोध और दिल्ली दंगों जैसे आंदोलनों को समर्थन देकर देश में अस्थिरता पैदा करने का भी आरोप लगाया।

