आजम खान पर ED का शिकंजा, बोले- क्या मुसलमान होने की यही सजा?

समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने रामपुर जेल के बाहर हिरासत में ले लिया है। ईडी की टीम भारी संख्या में पैरामिलिट्री फोर्स के साथ जेल पहुंची थी, जहां जेल के बाहर ईडी की करीब तीन गाड़ियां पहले से ही तैनात थीं।
हिरासत में लिए जाते वक्त भावुक हुए आजम खान
जैसे ही आजम खान जेल से रिहा होकर बाहर निकले, उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए वह काफी भावुक और हताश नजर आए। उन्होंने सरकार और व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “अब कहने के लिए बचा ही क्या है? मैं क्या कहूं? कानून तो जैसे खत्म ही हो गया है।”
अपने ऊपर हो रही कार्रवाईयों पर सवाल उठाते हुए आजम खान ने कहा, “क्या मुसलमान होने की यही सजा है? हमारी गलती बस इतनी थी कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बनाई। यही हमारा गुनाह है। हमने बच्चों के लिए स्कूल बनवाए। क्या यही हमारा गुनाह है?”
हाईकोर्ट से मिली थी राहत, फिर क्यों हुई कार्रवाई?
गौरतलब है कि आजम खान को ईडी ने एक अन्य दर्ज मामले के सिलसिले में हिरासत में लिया है। हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और उनके बेटे (पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान) को बड़ी राहत दी थी।
इससे पहले कोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने, सजा को निलंबित करने और अंतरिम जमानत देने की याचिकाओं पर सुनवाई पूरी कर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। इसी मामले में राहत मिलने के बाद आजम खान की रिहाई होनी थी, लेकिन जेल से बाहर आते ही जांच एजेंसी ने उन्हें नए सिरे से हिरासत में ले लिया।

