‘भाजपा पार्टी नहीं, गैंग की तरह काम कर रही’, अखिलेश यादव का बड़ा हमला

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। आचार्य नरेंद्र देव और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद अखिलेश ने कहा कि भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक नकारात्मक सोच वाला ‘गैंग’ है जो समाज में दरार पैदा कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है और यदि उत्तर प्रदेश से भाजपा हटेगी, तो देश से भी उसकी विदाई तय है।
विधान परिषद चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप
हालिया विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष ने सत्तारूढ़ दल पर चुनाव में बेईमानी और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में यदि बेईमानी न होती, तो समाजवादी पार्टी आगे रहती। आगरा में हार की स्थिति देखकर प्रत्याशी आकाश अग्रवाल के कपड़े तक फाड़ दिए गए।
अखिलेश ने दावा किया कि लखनऊ में रातभर मतगणना स्थल पर अधिकारी और कर्मचारी टेबल नहीं छोड़ रहे थे। वहीं, बनारस में दो बार मतगणना कराई गई, लेकिन दोनों बार भाजपा को हार का ही सामना करना पड़ा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बनारस की जनता ने ‘डबल इंजन’ की सरकार को ‘डबल जीरो’ दिया है।
महिला शिक्षकों का मिला साथ, रोजगार पर सरकार फेल
सपा प्रमुख के मुताबिक, विधान परिषद चुनाव में महिला शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर समाजवादी पार्टी को वोट दिया। बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अगस्त में एक लाख नौकरियां देने का दावा किया था, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी एक भी नौकरी नहीं दी गई। उन्होंने आर्थिक मोर्चे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अर्थशास्त्री भी मान चुके हैं कि देश की जीडीपी में गिरावट आई है और भाजपा के 10 साल के कार्यकाल ने उत्तर प्रदेश को 10 साल पीछे धकेल दिया है।
26 हजार स्कूल हो रहे बंद, खुलवाए जा रहे ठेके
प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर उंगली उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार सरकारी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था खत्म कर रही है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। पिछले 10 सालों में प्रदेश में 500 से ज्यादा निजी नर्सिंग होम और अस्पताल पंजीकृत हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ा सकती है, लेकिन सरकार 26 हजार स्कूलों को बंद करने की तैयारी कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ ठेके खुलवाए जा रहे हैं और खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
गृह मंत्री दें जवाब, यूपी में महिलाएं और दलित सबसे ज्यादा असुरक्षित
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। उन्होंने देश के गृह मंत्री से मामले का संज्ञान लेने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें देखना चाहिए कि यूपी में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अन्याय क्यों हो रहा है। अखिलेश ने सवाल उठाया कि प्रदेश में हत्याएं क्यों बढ़ रही हैं और दलित समाज के लोग ही सबसे ज्यादा पीड़ित क्यों हैं, सरकार को इन बुनियादी सवालों का जवाब देना चाहिए।

