‘मैंने अपनी पूरी दुनिया खो दी’, बेटी की मौत के बाद पिता के सामने नई मुश्किल

अमेरिका के न्यूयॉर्क से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां भारतीय मूल के उबर (Uber) ड्राइवर कुलदीप सिंह अपनी 5 वर्षीय बेटी के अंतिम संस्कार के लिए 18,000 डॉलर (करीब 15 लाख रुपये) जुटाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बच्ची की मां ने कथित तौर पर पुलिस को फोन कर खुद इस हत्या को अंजाम देने की बात कबूली है। इस वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
GoFundMe पर पिता की भावुक अपील
कुलदीप सिंह की बेटी फैबियाना कैबेलो (Fabiana Cabello) की 14 अक्टूबर को मौत हो गई थी। उन्होंने फ्यूनरल होम और कब्रिस्तान के खर्चों को पूरा करने के लिए ‘GoFundMe’ पर एक कैंपेन शुरू किया है।
कुलदीप ने अपनी अपील में लिखा, “मैं अपनी बेटी से बहुत प्यार करता था, और उसे खोने का मतलब है कि मैंने अपनी पूरी दुनिया खो दी है।” उन्होंने बताया कि वे एक रेंटल कार से उबर चलाकर अपना काम जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अंतिम संस्कार का जो खर्च सामने आया है, उसे वे अकेले नहीं उठा सकते।
911 कॉल: ‘मैंने अपनी बेटी को मार डाला’
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 14 अक्टूबर की शाम को क्वींस के रिचमंड हिल इलाके से पुलिस को 911 पर एक कॉल मिली थी। 32 वर्षीय फ्रांसिस कैबेलो (Francis Cabello) ने इमरजेंसी ऑपरेटर से कथित तौर पर कहा, “मैंने अपनी बेटी को मार डाला है।”
शाम करीब 6.55 बजे जब पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो कैबेलो ने उन्हें बताया कि बच्ची ऊपर है और उसकी सांस नहीं चल रही है। पुलिस को फैबियाना बेहोश हालत में मिली और उसकी नाक से खून बह रहा था। उसे तुरंत जमैका अस्पताल मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कैबेलो को गिरफ्तार कर उस पर हत्या का चार्ज लगाया है।
पोस्टमार्टम में घुटन (Asphyxia) की आशंका
पीपल (PEOPLE) मैगजीन के हाथ लगी क्रिमिनल कंप्लेंट के अनुसार, पोस्टमार्टम में फैबियाना के चेहरे पर खरोंच के निशान मिले हैं। इसके अलावा उसकी आंखों, दिल और फेफड़ों में पेटीचिया (petechiae – खून बहने के कारण बनने वाले छोटे धब्बे) पाए गए हैं। शिकायत में दर्ज किया गया है कि ये निशान एस्फिक्सिया (घुटन) से जुड़े हो सकते हैं। बच्ची की मौत किन सटीक परिस्थितियों में हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
‘दवाइयां लेना बंद कर चुकी थी मां’
आरोपी मां फ्रांसिस के पिता फ्रैंकलिन कैबेलो ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि उन्होंने इस घटना से पहले अपनी बेटी के व्यवहार में बदलाव महसूस किया था। उन्होंने दावा किया कि फ्रांसिस ने अपनी दवाइयां लेना बंद कर दिया था और वह असामान्य व्यवहार कर रही थी।
फ्रैंकलिन ने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि वह ऐसा कुछ करेगी।” उन्होंने बताया कि इससे पहले वह एक सतर्क और बचाव करने वाली मां थी।
भारतीय खाने की शौकीन थी फैबियाना
परिवार के घर के निचले हिस्से में रहने वाले रिश्तेदार पुनराज सिंह ने फैबियाना को एक बेहद स्नेही और खुशमिजाज बच्ची बताया। उन्होंने याद किया कि वे फैबियाना के लिए उसके पसंदीदा भारतीय व्यंजन बनाते थे, जिनमें फ्राइड फिश, दाल पूरी, रोटी और करी शामिल थे।
वह अपनी परदादी का भी बहुत ख्याल रखती थी और घुटनों में दर्द होने पर उनका हाथ पकड़कर उन्हें घर में घुमाती थी। पुनराज सिंह ने न्यूयॉर्क टाइम्स से कहा, “कोई भी उसे खोना नहीं चाहेगा। वह बहुत ही खूबसूरत बच्ची थी।”
फिलहाल पुलिस और जांचकर्ता फैबियाना की मौत की कड़ियों को जोड़ने में लगे हैं। वहीं, पिता कुलदीप सिंह अपनी बेटी को एक सम्मानजनक विदाई देने के लिए 18,000 डॉलर का फंड जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

