टाइगर श्रॉफ केस में बड़ा अपडेट, तीन शूटर्स 31 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों शूटर्स को मुंबई की किला कोर्ट ने 31 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। अदालत के आदेश के बाद पुलिस तीनों को लेकर रवाना हो गई। अब कस्टडी के दौरान इन आरोपियों से गोलीबारी की घटना और साजिश को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। दूसरी तरफ, इसी मामले में हथियारों की सप्लाई करने और हमलावरों को भागने में मदद करने के आरोप में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हथियार सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (एनडीआर यूनिट) द्वारा पकड़े गए चार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल (21) और सुमित (19), यूपी के सीतापुर की राधा (23) और आजमगढ़ की बबीता (23) के रूप में हुई है। जांच टीम इस बात की पड़ताल कर रही है कि हथियार अमृतसर से मुंबई कैसे पहुंचे और घटना के बाद बिचौलियों ने हमलावरों को शहर से बाहर निकालने में क्या भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार, कुणाल हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। वह एक दोस्त के जरिए अनिल पंडित के संपर्क में था और दोनों के बीच एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए बातचीत होती थी।
अमृतसर से पिस्तौल और कारतूस की खेप
पुलिस का आरोप है कि अनिल पंडित के निर्देश पर ही कुणाल अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस लेकर आया था। इस यात्रा में सुमित भी उसके साथ मौजूद था। कुणाल ने घटना से करीब दो महीने पहले राधा से मुलाकात की थी। उसने राधा को अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और बाद में उसे हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए राजी कर लिया।
नाबालिग के जरिए शूटर्स तक पहुंचा बैग
योजना के तहत 15 अक्टूबर को कुणाल ने राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन छोड़ा। पिस्तौल कथित तौर पर राधा के बैग में रखी गई थी। 17 अक्टूबर को दोनों लड़कियां मुंबई के दादर पहुंचीं और एक होटल में रुकीं। पुलिस के मुताबिक, उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़के ने होटल के पास राधा से वह बैग ले लिया। जांच टीम अब यह पता लगा रही है कि इसके बाद वह बैग किसके पास गया और हथियार का इस्तेमाल कैसे हुआ।
फायरिंग के बाद भागने की प्लानिंग
गोलीबारी की घटना 18 अक्टूबर की शाम को अंजाम दी गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटना के बाद अनिल पंडित ने कुणाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंस गए हैं। इसके बाद अनिल ने कुणाल को उन हमलावरों के लिए शहर से सुरक्षित बाहर निकलने का इंतजाम करने का निर्देश दिया था।

