बांग्लादेश मॉडल पर घमासान, केशव मौर्य ने विपक्ष को दी लोकतंत्र की याद

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के दलों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर देश के संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। मौर्य ने दो टूक शब्दों में कहा कि भारत में कभी भी बांग्लादेश जैसी राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति पैदा नहीं होगी।
‘इंडी गठबंधन की हालत अभी से पतली’
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक विस्तृत पोस्ट कर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “अगला लोकसभा चुनाव 2029 अभी काफी दूर है, लेकिन 2014, 2019 और 2024 के लगातार जनादेश को देखते हुए इंडी (INDI) गठबंधन की हालत अभी से पतली नजर आ रही है।”
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रति देश की जनता का अटूट विश्वास ही आज पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बन चुका है।
राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल पर कसा तंज
मौर्य ने विपक्षी नेताओं के राजनीतिक भविष्य पर भी सीधा हमला किया। उन्होंने लिखा, “देश और प्रदेशों में भाजपा ही वर्तमान है और भाजपा ही भविष्य है। कांग्रेस के सदाबहार अपरिपक्व व अनुभव से शून्य राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनना और अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी व उद्धव ठाकरे जैसे नेताओं के फिर से मुख्यमंत्री बनने की संभावना भी शून्य है।”
‘वामपंथियों को जनता ने बंगाल की खाड़ी में फेंका’
विपक्ष के प्रदर्शनों को राष्ट्रहित के खिलाफ बताते हुए उपमुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि जिनका एकमात्र मकसद संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का दुस्साहस करना है, वे साजिशकर्ता यह समझ लें कि भारत कभी भी बांग्लादेश जैसी राजनीतिक अस्थिरता का शिकार नहीं होगा।
उन्होंने वामपंथियों पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसे सपने देखने वालों को जनता पहले ही ‘बंगाल की खाड़ी’ और ‘अरब सागर’ में फेंक चुकी है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “बचे-खुचे लोग पहले अपना अस्तित्व बचाएं, फिर ऐसा सपना देखने की गुस्ताखी करें।”
‘2047 तक विकसित भारत बनेगा’
अपने पोस्ट के अंत में केशव मौर्य ने केंद्र सरकार के विकास के विजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत की निरंतर और चौतरफा प्रगति से स्पष्ट है कि देश विकास के मामले में कई देशों को पीछे छोड़ देगा। मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत (Viksit Bharat) बनाने का जो संकल्प लिया गया है, वह पूरी तरह से अटूट है और भारत विश्व बंधुत्व की भावना के साथ पूरे विश्व का नेतृत्व करेगा।

