मान सरकार को चुनौती, पायलट बोले- 2027 में पूर्ण बहुमत से आएगी कांग्रेस

sachin
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

पंजाब विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच कांग्रेस महासचिव और पंजाब के नवनियुक्त पार्टी प्रभारी सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि कांग्रेस एक ‘मजबूत टीम’ के रूप में आगामी चुनाव में उतरेगी और राज्य में “100 प्रतिशत” अगली सरकार बनाएगी।

‘पीटीआई वीडियो’ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में पायलट ने कहा कि पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं और वे वर्तमान व्यवस्था से तंग आ चुके हैं।

‘हर मुकाबला जीता जा सकता है’

क्रिकेट की शब्दावली का इस्तेमाल करते हुए जब पायलट से पूछा गया कि क्या उन्हें ऐसे समय बल्लेबाजी के लिए भेजा गया है जब जरूरी रन गति बहुत अधिक है? इस पर उन्होंने जवाब दिया, “भले ही प्रति ओवर 13 या 14 रन बनाने हों, अगर आप जीतना चाहते हैं तो हर मुकाबला जीता जा सकता है।” उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस और कार्यकर्ता यह मुकाबला खुद के लिए नहीं, बल्कि पंजाब को बचाने के लिए जीतना चाहते हैं।

पायलट ने अकाली दल-भाजपा और मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस ही वह पार्टी थी जिसने वास्तव में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी, विकास कार्य कराए और राज्य में निवेश लाया।”

पंजाब कांग्रेस में कौन है कप्तान?

पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह की तारीफ करते हुए पायलट ने उन्हें ‘सबको साथ लेकर चलने वाला कप्तान’ बताया। उन्होंने कहा, “मैंने परगट सिंह जी से कहा था कि कप्तान उतना ही मजबूत होता है, जितनी उसकी टीम होती है। हमारे पास प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर रंधावा, चरणजीत चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग जैसे अनुभवी नेता हैं, जिनकी जमीनी स्तर पर गहरी पकड़ है।”

आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए पायलट ने कहा कि AAP पूरी तरह से केवल मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निर्भर है, जबकि उनके अन्य नेताओं की कोई चर्चा नहीं है।

बिना CM फेस के मैदान में उतरेगी कांग्रेस

जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस पंजाब में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करेगी? इस पर पायलट ने साफ तौर पर इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आमतौर पर तभी सीएम चेहरा घोषित करती है जब वह सत्ता में होती है। विपक्ष में रहने पर नेता प्रतिपक्ष, पार्टी अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मिलकर चुनाव लड़ते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया, “हम एक टीम के रूप में मिलकर चुनाव लड़ेंगे। पहले टीम को जीतने दीजिए, उसके बाद हम तय करेंगे कि किसे कौन सी जिम्मेदारी दी जाएगी।”

राजस्थान में भाजपा द्वारा भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाए जाने जैसी ‘चौंकाने वाली’ रणनीति पर पायलट ने कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जनादेश मिलने के बाद कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं, नेताओं और विधायकों की राय सुनेगी और उसके बाद ही पंजाब के नेतृत्व पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

सीटों के सवाल पर कोई आंकड़ा न बताते हुए सचिन पायलट ने बस इतना कहा, “मैं पंजाब के लोगों को जानता हूं, वे देने में पीछे नहीं रहते… जब देते हैं तो छप्पर फाड़ के देते हैं।”