वड़िंग को पायलट ने बताया ‘फाइटर’, परगट सिंह को लेकर भी दिया बड़ा संदेश

sachin
महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस में हुए बड़े बदलाव को लेकर सियासत तेज है। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाकर पूर्व ओलंपियन परगट सिंह को यह जिम्मेदारी दी गई है। इस बड़े बदलाव के बाद पहली बार कांग्रेस के नवनियुक्त पंजाब प्रभारी और महासचिव सचिन पायलट ने राजा वड़िंग और परगट सिंह को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने वड़िंग को एक ‘जुझारू नेता’ करार दिया और स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी।

‘राजा वड़िंग ने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की’

पायलट के पंजाब प्रभारी का पद संभालने के कुछ दिनों बाद ही यह सांगठनिक बदलाव किया गया था, जिसे लेकर वड़िंग ने परोक्ष रूप से पायलट को ही जिम्मेदार ठहराया था। मीडिया से बातचीत के दौरान इन सवालों का जवाब देते हुए सचिन पायलट ने कहा, “मैं राजा वड़िंग को पिछले 20 सालों से जानता हूं। वह एक बेहद ऊर्जावान और मेहनती युवा नेता हैं। जब हमारे पास केवल 15-16 विधायक बचे थे और परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण थीं, तब उन्होंने कांग्रेस को मजबूत करने में मदद की।” पायलट ने जोर देते हुए कहा कि वड़िंग ने चार साल से अधिक समय तक संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की है और युवाओं को आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ संघर्ष के लिए प्रोत्साहित किया।

क्यों किए गए संगठन में बदलाव?

जब पायलट से यह सवाल पूछा गया कि क्या वड़िंग अब प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त नहीं रह गए थे, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया। पायलट ने स्पष्ट किया कि संगठन में समय-समय पर बदलाव होते रहते हैं और यह उपयुक्त रहने या न रहने का सवाल नहीं है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में भी नया अध्यक्ष बनाया गया है और पंजाब में परगट सिंह जी को अध्यक्ष बनाया गया है। आगे बढ़ने की रणनीतिक योजना के तहत ऐसे बदलाव जरूरी होते हैं।” पायलट ने यह भी साफ किया कि अध्यक्ष पद से हटने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि निवर्तमान अध्यक्ष के पास काम कम होगा या चुनावी प्रतिबद्धता कम हो जाएगी।

नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह की तारीफ

सचिन पायलट ने नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि परगट सिंह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और उनका यह खेल बैकग्राउंड पंजाब के युवाओं को नशे और हिंसा से दूर रहकर स्वास्थ्य और फिटनेस की ओर प्रेरित करने का एक बड़ा संदेश दे सकता है। पायलट ने बताया कि परगट सिंह तीन बार के विधायक हैं और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी आलाकमान ने उन्हें पंजाब संगठन का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त माना है।

पंजाब में किससे होगा मुख्य मुकाबला?

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में कांग्रेस के सामने चुनौतियों को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (BJP) कांग्रेस के लिए कोई गंभीर चुनौती नहीं है। उनके मुताबिक, चुनाव में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी के साथ होगा, जबकि भाजपा की पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (SAD) ‘आप’ के बाद एक अपेक्षाकृत छोटी चुनौती साबित होगी। गौरतलब है कि 11 अक्टूबर को राजा वड़िंग ने कहा था कि पार्टी के कुछ नेताओं ने उनका विरोध किया है, लेकिन उन्होंने नए अध्यक्ष परगट सिंह को पूरा सहयोग देने का वादा किया था।