राहुल पर योगी का सीधा वार: ‘मसूरियादीन पासी ने भी 9 साल जेल में बिताए’

cm-yogi-1-4
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को प्रयागराज के तेलियरगंज स्थित महाशय मसुरियादीन स्मारक इंटर कॉलेज में महान स्वतंत्रता सेनानी महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “राहुल गांधी जी, एक बात नोट करना। देश की आजादी के लिए केवल नेहरू जी जेल नहीं गए थे, बल्कि महाशय मसुरियादीन पासी जी भी जेल गए थे।”

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर इतिहास को भुलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महापुरुषों का सम्मान किसी एक परिवार की बपौती नहीं है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।

नेहरू के साथ संसद पहुंचे थे मसुरियादीन

मुख्यमंत्री योगी ने मसुरियादीन पासी के योगदान को याद करते हुए बताया कि उन्होंने 1932 से 1944 के बीच 9 वर्ष जेल में रहकर आजादी की लड़ाई लड़ी। 1946 में वे उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य बने और स्वतंत्र भारत में 1952 से 1972 के बीच चार बार लोकसभा के लिए चुने गए।

उन्होंने बताया कि 1952 में एक ही सीट से दो सांसद चुने जाते थे। उस समय पंडित जवाहरलाल नेहरू और महाशय मसुरियादीन पासी एक साथ चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। दो अक्टूबर 1911 को जन्मे मसुरियादीन की जयंती गांधी जी और शास्त्री जी के साथ ही पड़ती है, लेकिन इतिहास के कालचक्र में उन्हें विस्मृत कर दिया गया।

‘जरायम पेशा’ कानून के खिलाफ लड़ी लड़ाई

सीएम योगी ने कहा कि 1857 के स्वाधीनता संग्राम में अंग्रेजों को चुनौती देने वाली जातियों को अपमानित करने के लिए 1871 में ‘जरायम पेशा कानून’ बनाया गया था। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और महाशय मसुरियादीन पासी ने इस काले कानून को समाप्त कराने की लंबी लड़ाई लड़ी, जिससे पासी, सोनकर और अन्य वंचित समाजों को मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिला।

चौराहे और संस्था का नामकरण, महापुरुषों को सम्मान

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिस चौराहे पर मसुरियादीन पासी की प्रतिमा स्थापित की गई है, उसका नाम उन्हीं के नाम पर रखने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही, प्रयागराज की एक प्रमुख संस्था का नाम भी उनके नाम पर रखा जाएगा।

पासी समाज के शौर्य का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि सरकार लखनऊ स्थित महाराजा बिजली पासी के किले का पुनरुद्धार करा रही है। इसके अलावा, लखनऊ में गठित होने वाली महिला PAC बटालियन का नाम वीरांगना ऊदा देवी पासी के नाम पर रखा जा रहा है और उनकी भव्य अश्वारोही प्रतिमा भी स्थापित की जा रही है।