ईरान युद्ध में अमेरिका ने क्या गंवाया, 81 एयरक्राफ्ट और $3.3 अरब!

Trump
सैयद सरवर हुसैन - कंट्री हेड- ईरान
सैयद सरवर हुसैन – कंट्री हेड- ईरान

ईरान के साथ जारी सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी सेना को बड़े पैमाने पर साजो-सामान का नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस (CRS) की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के बीच शुरू हुए टकराव के बाद से अब तक अमेरिकी सेना ने लगभग 3.3 अरब डॉलर (करीब 31,943 करोड़ रुपये) मूल्य के 81 सैन्य विमान और ड्रोन खो दिए हैं। इन नष्ट हुए उपकरणों में अमेरिका के अत्याधुनिक पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट्स से लेकर आधुनिक टोही ड्रोन और हेलीकॉप्टर शामिल हैं।

3.3 अरब डॉलर का नुकसान, आधुनिक फाइटर जेट्स भी गंवाए

कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस टकराव में अमेरिकी वायुसेना और नौसेना के कई प्रमुख लड़ाकू विमान नष्ट हुए हैं। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि नष्ट हुए बेड़े में पांचवीं पीढ़ी का आधुनिक F-35A लाइटनिंग II स्टील्थ फाइटर जेट शामिल है, जिसकी अनुमानित लागत 9.2 करोड़ डॉलर से अधिक है। इसके अलावा, 3 करोड़ डॉलर से अधिक कीमत वाले F-15 लड़ाकू विमान भी इस सैन्य कार्रवाई में गंवाए गए हैं।

45 रीपर और हाई-एल्टीट्यूड ट्राइटन समेत कई ड्रोन तबाह

रिपोर्ट में सबसे बड़ा नुकसान मानवरहित ड्रोन के मोर्चे पर दर्ज किया गया है। अमेरिकी सेना ने अकेले 45 ‘MQ-9 रीपर’ मल्टी-रोल अनक्रूड एयरक्राफ्ट खोए हैं। एक रीपर ड्रोन की कीमत 3 करोड़ से 5 करोड़ डॉलर के बीच आंकी जाती है। इसके अलावा, तीन MQ-1 मल्टी-रोल ड्रोन और एक हाई-ऑल्टिट्यूड लॉन्ग-एंड्योरेंस वाला अत्याधुनिक ‘MQ-4C ट्राइटन’ ड्रोन भी नष्ट हुआ है।

270 मिलियन डॉलर का E-3 सेंट्री सर्विलांस विमान भी शामिल

नष्ट हुए साजो-सामान में अमेरिकी सेना का बेहद अहम निगरानी विमान ‘E-3 सेंट्री’ एयरबोर्न अर्ली वॉर्निंग-एंड-कंट्रोल सिस्टम (AWACS) भी शामिल है। बोइंग 707 एयरलाइनर प्लेटफॉर्म पर आधारित इस सर्विलांस प्लेन की प्रति विमान लागत 270 मिलियन डॉलर है। अमेरिकी वायुसेना के आंकड़ों के अनुसार, साल 2015 तक उसके पास इस श्रेणी के केवल 32 विमान ही सक्रिय सेवा में थे। इसके अतिरिक्त, दो ‘MC-130J कमांडो II’ स्पेशल ऑपरेशन्स एयरक्राफ्ट भी इस टकराव में तबाह हुए हैं।

अपाचे और सी हॉक समेत कॉम्बैट हेलिकॉप्टरों को नुकसान

लड़ाकू विमानों और ड्रोनों के साथ-साथ अमेरिकी रोटरी विंग बेड़े को भी क्षति पहुंची है। रिपोर्ट के अनुसार, सैन्य अभियानों के दौरान एक ‘AH-64 अपाचे’ अटैक हेलिकॉप्टर, चार ‘AH-6 लिटिल बर्ड’ लाइट अटैक हेलिकॉप्टर, एक ‘MH-60 सी हॉक’ मैरीटाइम हेलिकॉप्टर और खोज व बचाव अभियान में इस्तेमाल होने वाला एक ‘HH-60W जॉली ग्रीन II’ कॉम्बैट हेलिकॉप्टर नष्ट हुआ है।