बाली में नुसरत भरूचा का हादसा, रीढ़ में फ्रैक्चर; एयर एंबुलेंस से मुंबई आएंगी

बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा (Nushrratt Bharuccha) के फैंस के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। प्रोफेशनल कमिटमेंट और छुट्टियों के सिलसिले में इंडोनेशिया के बाली (Bali) गईं नुसरत का वहां एक गंभीर एक्सीडेंट हो गया है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है। फिलहाल वह बाली के ही एक अस्पताल में डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में भर्ती हैं, लेकिन जल्द ही उन्हें सर्जरी के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए भारत लाया जाएगा।
एयर एंबुलेंस से मुंबई लाने की तैयारी, होगी सर्जरी
नुसरत भरूचा की पब्लिसिस्ट संचिता त्रिवेदी ने एक्ट्रेस का हेल्थ अपडेट साझा किया है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की जांच के बाद यह तय हुआ है कि नुसरत की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी करनी पड़ेगी।
संचिता ने अपने बयान में कहा, “इस समय हमारी सबसे पहली प्राथमिकता नुसरत का स्वास्थ्य और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। हम उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाने की व्यवस्था कर रहे हैं, जहां उनकी सर्जरी की जाएगी।”
प्रोफेशनल कमिटमेंट्स पर पड़ेगा असर, मांगी प्राइवेसी
चोट की गंभीरता और स्पाइन सर्जरी को देखते हुए नुसरत को पूरी तरह से रिकवर होने में लंबा वक्त लगेगा। पब्लिसिस्ट ने बताया कि एक्ट्रेस को आराम और स्वस्थ होने के लिए पर्याप्त समय की जरूरत होगी, जिसके चलते आने वाले कुछ हफ्तों के लिए उनके सभी प्रोफेशनल कमिटमेंट्स और शूटिंग शेड्यूल्स प्रभावित रहेंगे। टीम ने फैंस और मीडिया से अपील की है कि इस मुश्किल समय में उनकी प्राइवेसी का सम्मान किया जाए।
हादसे से कुछ दिन पहले शेयर की थीं तस्वीरें
इस दर्दनाक हादसे से महज एक हफ्ते पहले ही नुसरत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वेकेशन की कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर की थीं। इन तस्वीरों में वह हॉल्टर नेक शॉर्ट ड्रेस में काफी खुश नजर आ रही थीं। उन्होंने होटल की बालकनी से भी अपनी तस्वीरें साझा की थीं, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा था- “छुट्टी का मन है! अब कहां जाऊं?”
वर्क फ्रंट: टाइगर श्रॉफ के साथ आएंगी नजर
नुसरत के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की बात करें तो रिपोर्ट्स के अनुसार वह जल्द ही एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की फिल्म में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। यह पहला मौका होगा जब दोनों स्टार्स एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। इस फिल्म में पश्मीना रोशन, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव भी अहम किरदारों में हैं।
बता दें कि नुसरत भरूचा को आखिरी बार साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘उफ ये सियापा’ में देखा गया था, जिसका निर्देशन जी अशोक ने किया था और इसमें उनके अपोजिट सोहम शाह नजर आए थे।

