वोट PDA का चाहिए और सांसद पूंजीपति, धनराज के टिकट पर माया का हमला

maya
राघवेन्द्र मिश्रा
राघवेन्द्र मिश्रा

उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा उम्मीदवारों के चयन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सपा द्वारा जाने-माने उद्योगपति धनराज परिमल नथवानी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव को प्रत्याशी बनाए जाने पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने तीखा हमला बोला है। मायावती ने अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे को दिखावा करार देते हुए आरोप लगाया कि सपा का असली चेहरा परिवारवाद और पूंजीपतियों के समर्थन का ही रहा है।

‘बसपा धन्नासेठों और रिश्तेदारों को नहीं देती टिकट’

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए सपा नेतृत्व को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बसपा की राजनीति हमेशा से परिवारवाद और धनबल से पूरी तरह मुक्त रही है।

मायावती ने लिखा, “बसपा किसी भी छोटे-बड़े चुनाव में अपने परिवार, सगे-संबंधी, भाई-भतीजों, करीबी रिश्ते-नातेदारों और खासकर बड़े-बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों को टिकट नहीं देती। बसपा कभी भी चुनावों में पूंजीपतियों के धनबल का सहारा नहीं लेती, बल्कि सर्वसमाज से गरीब और कमजोर तबकों के कर्मठ व निष्ठावान अंबेडकरवादी कार्यकर्ताओं को ही अपना उम्मीदवार बनाती है।”

‘PDA की पार्टी होने का ड्रामा करती है सपा’

अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा खुद को पीडीए की पार्टी बताकर जनता के साथ केवल छल कर रही है।

  • पहला टिकट परिवार को: मायावती ने कहा कि इसका सीधा उदाहरण यूपी के इस राज्यसभा चुनाव में देखने को मिलता है, जहां अखिलेश यादव के करीबी रिश्तेदार होने के नाते प्रो. रामगोपाल यादव को दोबारा उच्च सदन भेजने के लिए पर्चा भरवाया गया।

  • दूसरा टिकट उद्योगपति को: वहीं, दूसरा उम्मीदवार एक चर्चित औद्योगिक घराने से ताल्लुक रखने वाले धनराज परिमल नथवानी को बनाया गया है।

‘वोट पीडीए का चाहिए, सांसद परिवार और पूंजीपति बनेंगे’

मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी का दोहरा चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर जनता के सामने बेनकाब हो गया है। उन्होंने कहा, “सपा को वोट तो पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग का चाहिए, लेकिन सांसद और विधायक ज्यादातर अपने परिवार के लोगों और बड़े-बड़े पूंजीपतियों को ही बनाना है। इसलिए पीडीए को इनके इस बहकावे में बिल्कुल नहीं आना चाहिए।”

बसपा चीफ ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को सतर्क करते हुए अपील की कि अपरकास्ट समाज के गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अति-पिछड़ों और मुस्लिम व अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों को सपा के इस छलावे से पूरी तरह सावधान रहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सर्वसमाज और शोषित वर्गों का वास्तविक हित केवल और केवल अंबेडकरवादी बहुजन समाज पार्टी में ही सुरक्षित है।