अजय राय ने सहारनपुर दौरा क्यों रद्द किया और राहुल ने उन्हें क्या भरोसा दिया

rahul-gandhi-4
गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

 उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) उत्तर प्रदेश में नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की तैयारी में है। पार्टी के शीर्ष स्तर पर रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को यूपी कांग्रेस की कमान सौंपने पर गंभीरता से विचार चल रहा है।

अजय राय ने सहारनपुर दौरा किया रद्द, जाएंगे वाराणसी

अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के कार्यक्रमों में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सूत्रों के अनुसार, अजय राय दिल्ली से सहारनपुर के दौरे पर जाने वाले थे, लेकिन नेतृत्व परिवर्तन की खबरों के बीच उन्होंने अपना यह दौरा टाल दिया है। अब अजय राय सहारनपुर न जाकर सीधे अपने गृह नगर वाराणसी रवाना हो रहे हैं। अचानक दौरा रद्द होने से सियासी गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

राहुल गांधी का भरोसा: पार्टी में बढ़ सकता है अजय राय का कद

एक तरफ जहां प्रदेश अध्यक्ष पद पर बदलाव की चर्चाएं हैं, वहीं दूसरी तरफ यह भी संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस में अजय राय का राजनीतिक कद और बढ़ाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अजय राय को पूरी मजबूती से भरोसा दिया है। राहुल गांधी ने उनसे कहा है कि, “मैं आपके साथ हूं।”

पार्टी के अंदरूनी हलकों में माना जा रहा है कि अगर संगठन में संतुलन साधने के लिए प्रदेश स्तर पर बदलाव किया जाता है, तो अजय राय को केंद्रीय संगठन या राष्ट्रीय स्तर पर कोई अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

कौन हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’?

आराधना मिश्रा ‘मोना’ वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की नेता हैं। वह प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास सीट से लगातार जीत दर्ज करती आ रही हैं और वरिष्ठ कांग्रेस नेता व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। सदन में सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने और संगठन में सक्रिय भागीदारी के चलते आलाकमान उन्हें राज्य में पार्टी का मुख्य चेहरा बनाने पर विचार कर रहा है।