Asian Games: नेपाल का बड़ा उलटफेर, अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया

nepal
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

2026 एशियन गेम्स में नेपाल क्रिकेट टीम ने बड़ा उलटफेर कर दिया है। जापान के निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए टी20 मुकाबले में नेपाल ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। गेंदबाजों की मददगार पिच पर अफगानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर महज 102 रन ही बना सकी। जवाब में नेपाल ने कप्तान दीपेंद्र सिंह एरी, रोहित पौडेल और सुंदीप जोरा की सधी हुई पारियों के दम पर 18वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

ताश के पत्तों की तरह बिखरा अफगानिस्तान का टॉप ऑर्डर

पहले बैटिंग करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 16 रन के स्कोर पर टीम दबाव में आ गई। ओपनर मोहम्मद अकरम 2 रन और हसन ईसाखिल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अनुभवी करीम जनात भी सिर्फ 9 रन ही बना सके। पांचवें ओवर तक अफगानिस्तान ने अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए थे।

फैसल और नजीबुल्लाह की धीमी पारी, कप्तान का फैसला पड़ा भारी

शुरुआती झटकों के बाद फैसल शिनोजादा और नजीबुल्लाह जादरान ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने टी20 फॉर्मेट में टेस्ट जैसी धीमी बैटिंग की। फैसल ने 33 गेंदों में 30 और जादरान ने 40 गेंदों में 30 रन बनाए। इसके बाद मोहम्मद इशाक भी 10 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हो गए। इस मैच में अफगानिस्तान के कप्तान दारविश रसूली का बल्लेबाजी क्रम सबसे ज्यादा सवालों के घेरे में रहा। ऊपरी क्रम के बल्लेबाज होने के बावजूद रसूली सातवें नंबर पर उतरे और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

नेपाल के लिए कुशल भुर्तेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि ललित राजबंशी को 3 सफलताएं मिलीं।

नेपाल की लड़खड़ाई शुरुआत, 31 रन पर गिरे 3 विकेट

103 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। ओपनर कुशल भुर्तेल (00) और आसिफ शेख (02) सस्ते में आउट हो गए। चौथे ओवर में सिर्फ 12 के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज डगआउट में थे। सातवें ओवर में जब कुशल मल्ला (9 रन) का विकेट गिरा, तब टीम का स्कोर 31 रन था। इस समय मैच में कांटे की टक्कर की स्थिति बन गई थी।

पौडेल और जोरा ने टीम को मुश्किल से निकाला

दबाव की स्थिति में सुंदीप जोरा और रोहित पौडेल ने संयम से बल्लेबाजी कर मैच का रुख अपनी तरफ मोड़ लिया। पौडेल ने 32 गेंदों में 33 रनों की पारी खेली, जबकि जोरा ने 35 गेंदों में 34 रन बनाए। अंत में कप्तान दीपेंद्र सिंह एरी ने 15 रनों का अहम योगदान दिया, जिससे नेपाल ने 18वें ओवर में 5 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली।