अवधेश प्रसाद का BJP पर वार, ‘2027 में जनता खोलेगी झूठ का पुलिंदा’

Awadhesh Prasad
शालिनी तिवारी
शालिनी तिवारी

उत्तर प्रदेश की सियासत में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद अवधेश प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर चौतरफा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया है कि राज्य की जनता 2027 के चुनाव में बीजेपी को हराने के लिए पूरी तरह तैयार है और केवल वक्त का इंतजार कर रही है। सपा सांसद ने अर्थव्यवस्था, महंगाई, किसानों की आय और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर (FIR) जैसे तमाम मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष को आड़े हाथों लिया।

उनका कहना है कि जनता आगामी चुनाव में बीजेपी के ‘झूठ के पुलिंदों’ को निकालने का काम करेगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक जनसमर्थन मिलेगा।

दावों पर सवाल: ‘डीजल-पेट्रोल और महंगाई पर कहां गई गारंटी?’

अवधेश प्रसाद ने बीजेपी की नीतियों और चुनावी वादों पर सीधा निशाना साधते हुए जनता से अपील की कि वे सत्ता पक्ष के दावों पर कतई भरोसा न करें। सपा नेता ने याद दिलाया कि बीजेपी ने ही डॉलर के मुकाबले रुपये को मजबूत करने और देश को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का दावा किया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले बीजेपी ने पेट्रोल और डीजल के दाम 40 से 50 रुपये के भीतर लाने का वादा किया था, लेकिन आज जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। सांसद के मुताबिक, मंहगाई कम करने, किसानों की आय दोगुनी करने और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने जैसे वादे भी खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केंद्र की लगभग 12 साल और उत्तर प्रदेश की साढ़े नौ साल की सरकार ने अपना कोई भी बड़ा दावा पूरा नहीं किया है, इसलिए इनके दावों पर चर्चा करना ही अपना समय बर्बाद करना है।

सनातन धर्म और राम मंदिर चंदे पर गंभीर आरोप

राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों के साथ-साथ सपा सांसद ने धार्मिक भावनाओं के मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जो पार्टी सनातन के नाम पर सत्ता में आई थी, आज वह उसी सनातन का अपमान करने से नहीं चूक रही है। राम मंदिर के निर्माण से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि अब सत्ता पक्ष के लोग ‘राम मंदिर चंदा चोरी’ की घटना को अंजाम देने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। उन्होंने इसे सनातन का सबसे बड़ा अपमान करार दिया।

‘विपक्ष घबराने वाला नहीं’, राहुल गांधी पर FIR पर पलटवार

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर (FIR) के मुद्दे पर भी सपा सांसद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस कार्रवाई को भारतीय जनता पार्टी का षड्यंत्र बताया।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि जो भी विपक्षी नेता जनहित के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उनके साथ इस तरह की घटनाएं, एफआईआर और अन्याय लगातार चल रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष के लोग ऐसी कार्रवाइयों से घबराने वाले नहीं हैं। अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि राहुल गांधी भी इस एफआईआर से नहीं घबराएंगे, जिस तरह सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कड़े संघर्ष का आज पूरा देश लोहा मान चुका है।