Baramati News: रोहित पवार के PA की 14 वर्षीय बेटी की संदिग्ध मौत

बारामती: महाराष्ट्र के बारामती में विधायक रोहित पवार के निजी सहायक (PA) अजित दशावतारे की 14 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग का शव रविवार सुबह रुई स्थित साई गणेश नगर में उसके घर के पास मिला। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात मां और बेटी के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद लड़की घर से निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तलाश शुरू करने के साथ अपहरण का मामला भी दर्ज किया था।
सुबह घर के पास मिली नाबालिग
रविवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि लड़की घर के पास जमीन पर पड़ी है।। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, जिस सीढ़ी के दरवाजे से संबंधित स्थान तक पहुंचा जा सकता है, वह अंदर से लॉक था। इस वजह से पुलिस घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है और घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम नहीं हुआ है।
मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने घटना को किसी एक वजह से जोड़कर निष्कर्ष नहीं निकाला है।
खुद छलांग लगाई या कोई और वजह, जांच जारी
पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि लड़की ने खुद छलांग लगाई थी या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह थी। इसके लिए घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
नाबालिग के घर से निकलने से लेकर सुबह शव मिलने तक की घटनाओं को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
