AIMIM का हमला, शादाब चौहान बोले- ‘महंगाई डायन से डार्लिंग बन गई’

sugar-price-hike-aimim-shadab-chauhan-government-attack
अजमल शाह
अजमल शाह

देश में त्योहारों से पहले चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सरकार ने चीनी के दाम बढ़ने के पीछे अनुमान से कम उत्पादन, त्योहारों से पहले बढ़ी मांग, मौसम से फसल को हुए नुकसान, वैश्विक स्तर पर आपूर्ति में कमी और उद्योग के कुछ वर्गों की अटकलों व जमाखोरी को वजह बताया है।

इसी मुद्दे पर AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर तंज कसते हुए कहा, “पिछली सरकार में जो महंगाई इनके लिए डायन थी वो अब डार्लिंग बन गई है.”

चीनी के दाम पर सरकार को घेरा

शादाब चौहान ने चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के मुद्दे पर सरकार का रवैया बदल गया है।

AIMIM प्रवक्ता ने कहा, “नफरत के खेल में यह सब कुछ खेल रहे हैं.” उन्होंने चीनी महंगी होने के पीछे सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाए और इसको लेकर कई दावे किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को हिंदू-मुस्लिम राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

त्योहारों और मिठाई को लेकर शादाब का तंज

शादाब चौहान ने त्योहारों का जिक्र करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के बाद दिवाली आएगी और इस दौरान मिठाइयों की बिक्री बढ़ती है। उन्होंने इसी संदर्भ में सरकार पर तंज किया।

उन्होंने कहा कि मिठाई खाने से डायबिटीज होती है और आरोप लगाया कि हिंदुओं को डायबिटीज से बचाने के लिए चीनी महंगी की गई है। इसके साथ ही उन्होंने मुसलमानों के खानपान को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए।

शादाब ने दावा किया कि चीनी महंगी करने का मकसद कहीं न कहीं मुसलमानों को परेशान करना और उनके खानपान को प्रभावित करना है।

एथेनॉल को लेकर भी सरकार पर सवाल

AIMIM प्रवक्ता ने एथेनॉल को लेकर सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर तेल में सस्ती चीज मिलाई जा रही है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी क्यों नहीं दिखाई दे रही।

शादाब चौहान ने आरोप लगाया कि सरकार की एथेनॉल नीति का असर आम लोगों पर पड़ रहा है।