नमो भारत रैपिड रेल का सर्वे तेज, जानिए स्टेशन और रूट का पूरा मास्टरप्लान

bullet-train-trial
महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह

उत्तर प्रदेश में परिवहन के ढांचे को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार के ‘स्टेट कैपिटल रीजन’ (SCR) प्रोजेक्ट के तहत कानपुर-लखनऊ-अयोध्या ‘नमो भारत’ रैपिड रेल (RRTS) कॉरिडोर का काम अब रफ्तार पकड़ चुका है। दिल्ली-मेरठ के बाद यूपी के इस मेगा प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसका पहला सर्वे युद्धस्तर पर जारी है।

पहला चरण: कानपुर-लखनऊ कॉरिडोर का सर्वे जारी

नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) की टीम पहले चरण के तहत कानपुर-लखनऊ कॉरिडोर के लिए 72 किलोमीटर लंबे रूट का सर्वे कर रही है।

  • शुक्लागंज और गंगापुल के पास सर्वेक्षण कार्य जारी है।

  • लखनऊ, कानपुर और उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण मिलकर इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) और अल्टरनेटिव एनालिसिस रिपोर्ट (AAR) तैयार कर रहे हैं, जिसे जल्द ही शासन को सौंपा जाएगा।

  • लागत और समय: कानपुर-लखनऊ नमो भारत रैपिड रेल की अनुमानित लागत लगभग 32 हजार करोड़ रुपये है। इसके शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच का सफर सिमटकर महज 30-40 मिनट का रह जाएगा।

मेट्रो से जुड़ेगा नमो भारत का नेटवर्क

करीब 67 किलोमीटर लंबे कानपुर-लखनऊ रूट की शुरुआत कानपुर के नयागंज से होगी। गंगा बैराज, मगरवारा, उन्नाव, अजगैन और बंथरा होते हुए यह कॉरिडोर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट (अमौसी) तक पहुंचेगा। इस कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत इसका ‘मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन’ होगा। रैपिड रेल कानपुर में नयागंज मेट्रो स्टेशन से और लखनऊ में अमौसी मेट्रो स्टेशन से सीधे जुड़ जाएगी। इससे यात्री कानपुर के नौबस्ता से लेकर लखनऊ के वसंतकुंज और मुंशीपुलिया तक निर्बाध सफर कर सकेंगे।

दूसरा चरण: लखनऊ से सीधे राम मंदिर (अयोध्या)

दूसरे चरण में इस कॉरिडोर का विस्तार लखनऊ से सीधे अयोध्या तक किया जाएगा।

  • अमौसी (लखनऊ) से शुरू होकर यह रूट करीब 120 किलोमीटर लंबा होगा।

  • यह लाइन सुशांत गोल्फ सिटी, जुग्गौर, बाराबंकी के सफदरगंज और भिटरिया होते हुए सीधे राम मंदिर, अयोध्या धाम तक जाएगी।

  • समय की भारी बचत: अभी कानपुर से अयोध्या जाने में सड़क मार्ग से करीब 5 से 6 घंटे लगते हैं। इस रैपिड रेल के चालू होने के बाद कानपुर से अयोध्या तक के 12 स्टेशनों का सफर सिर्फ 90 मिनट (डेढ़ घंटे) में पूरा किया जा सकेगा।

ये होंगे कानपुर-अयोध्या रूट के प्रमुख स्टेशन:

  • कानपुर: नयागंज, गंगा बैराज

  • उन्नाव: मगरवारा, उन्नाव, बशीरपुर, अजगैन

  • लखनऊ: नवाबगंज, बंथरा, अमौसी एयरपोर्ट, सुशांत गोल्फ सिटी

  • बाराबंकी: जुग्गौर, बड़ेल, सफदरगंज, भिटरिया

  • अयोध्या: अयोध्या धाम

रियल एस्टेट में आएगा भारी उछाल

दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल की तरह ही इस रूट पर भी अत्याधुनिक ट्रेनें चलेंगी, जो कवच (टक्कर रोधी प्रणाली) और वाई-फाई जैसी सुविधाओं से लैस होंगी। यह कॉरिडोर न केवल सफर आसान करेगा, बल्कि रियल एस्टेट सेक्टर में भी बूम लाएगा। एलडीए (LDA) और अन्य प्राधिकरण इन रैपिड स्टेशनों के आसपास आईटी हब, लॉजिस्टिक्स जोन और नई हाउसिंग सोसायटी विकसित करने की योजना पर काम कर रहे हैं।