पहाड़ नहीं, समुद्र के नीचे रास्ता! नॉर्वे का Rogfast प्रोजेक्ट हैरान कर देगा

नॉर्वे (Norway) में इंजीनियरिंग का एक अद्भुत चमत्कार आकार ले रहा है। उत्तरी यूरोप का यह देश दुनिया की सबसे लंबी और सबसे गहरी समुद्र के नीचे वाली सड़क सुरंग (Underwater Road Tunnel) का निर्माण कर रहा है।
27 किलोमीटर लंबी इस महात्वाकांक्षी परियोजना को ‘रोगफास्ट’ (Rogfast) नाम दिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य पश्चिमी तट के किनारे प्रमुख शहरों के बीच यात्रा के समय को कम करना और एक ऐसा निर्बाध हाईवे नेटवर्क बनाना है, जहां यात्रा के लिए नाव (Ferry) की जरूरत न पड़े।
जापान को पछाड़ने की तैयारी में नॉर्वे
वर्तमान में दुनिया की सबसे लंबी समुद्र के नीचे वाली सुरंग का खिताब उत्तरी जापान (Japan) की सेइकान सुरंग (Seikan Tunnel) के पास है। सेइकान की कुल लंबाई 53.85 किलोमीटर है, जिसमें से 23.3 किलोमीटर हिस्सा समुद्र के नीचे है, लेकिन यह केवल रेलवे के लिए है और 240 मीटर तक ही गहरी है।
वहीं, इंग्लैंड और फ्रांस को जोड़ने वाली चैनल टनल (Channel Tunnel) भी सिर्फ रेलवे के लिए है, जो 115 मीटर गहरी है।
इसके विपरीत, रोगफास्ट पूरी तरह से सड़क यातायात के लिए डिजाइन की जा रही है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी गहराई है। यह सुरंग अपने सबसे गहरे बिंदु पर समुद्र तल से 392 मीटर (लगभग 1,286 फीट) नीचे होगी, जो इसे दुनिया की सबसे गहरी अंडरवाटर टनल बनाएगा।
‘रोगफास्ट’ का अनोखा डिजाइन और बजट
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुरंग के निर्माण में कई अनूठी इंजीनियरिंग तकनीकें इस्तेमाल की जा रही हैं:
-
दो अलग-अलग ट्यूब: सुरंग में दो अलग-अलग ट्यूब होंगी, जिनमें से प्रत्येक में दो ट्रैफिक लेन (Traffic Lanes) होंगी।
-
समुद्र के नीचे राउंडअबाउट: सुरंग के लगभग बीच में एक 260 मीटर गहरा ‘डबल राउंडअबाउट’ (Double Roundabout) बनाया जाएगा, जो नॉर्वे की सबसे छोटी नगरपालिका, क्विट्सॉय (Kvitsøy) द्वीप की ओर जाने वाली एक कनेक्टिंग सुरंग से जुड़ा होगा।
-
बजट और समयसीमा: इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत भारतीय मुद्रा में लगभग 25 हजार करोड़ रुपये है। इसका काम 2033 तक पूरा होने की उम्मीद है।
5 सेंटीमीटर की भी गलती की गुंजाइश नहीं
इतनी गहराई में लंबी सुरंग बनाना तकनीकी तौर पर एक बेहद जटिल काम है। समय बचाने के लिए रोगफास्ट को दोनों तरफ (छोरों) से एक साथ बनाया जा रहा है। इसका मकसद है कि दोनों तरफ से खुदाई कर रही टीमें एकदम सटीक बिंदु पर बीच में आकर मिलें।
इंजीनियर्स के अनुसार, इस मिलन में गलती की गुंजाइश सिर्फ 5 सेंटीमीटर (1.97 इंच) तक ही रखी गई है। इतनी सटीकता हासिल करने के लिए:
-
लेजर (Laser) और आधुनिक स्कैनिंग उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
-
एक घूमने वाला लेजर स्कैनर हर सेकंड 20 लाख डेटा पॉइंट इकट्ठा करता है।
-
इससे खोदी गई सुरंग का एक “डिजिटल ट्विन” (Digital Twin) या डिजिटल नक्शा बनता है, जिसे मूल डिजाइन के नक्शे से मिलाकर 100% सटीकता सुनिश्चित की जाती है।
हालांकि, 2018 में शुरू हुआ इसका निर्माण कार्य लागत बढ़ने की आशंकाओं के चलते 2019 में रोक दिया गया था। बाद में कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर परियोजना की रूपरेखा बदली गई और 2021 के आखिर में इसका काम फिर से पूरी रफ्तार के साथ शुरू हुआ।

