इंदिरा भी पहुंची थीं अस्पताल, सोनिया की किताब में परिवार के दर्दनाक पल

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) से उनके निजी जीवन और गांधी परिवार के कई ऐसे पन्ने खुल रहे हैं, जिनके बारे में सार्वजनिक तौर पर पहले कभी बात नहीं हुई।
इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के उस सबसे दुखद और भावनात्मक अध्याय का जिक्र किया है, जब उन्होंने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के जन्म से करीब डेढ़ साल पहले अपने पहले नवजात बेटे को खो दिया था।
जब इंदिरा गांधी ने कहा- “बड़ी बच्ची दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली है”
किताब में जनवरी 1969 की इस घटना का जिक्र करते हुए सोनिया लिखती हैं कि जब उनके गर्भवती होने की खबर आई, तो गांधी परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (Indira Gandhi), जो आम तौर पर अपनी भावनाओं का सार्वजनिक तौर पर इजहार नहीं करती थीं, यह खबर सुनकर बेहद खुश हुई थीं। सोनिया याद करती हैं, “उन्होंने मुझे गले लगा लिया और मुस्कुराते हुए कहा था, ‘एक बड़ी बच्ची दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली है।'”
कुछ घंटों की खुशी और एक दर्दनाक सुबह
हालांकि, यह खुशी चंद महीनों की मेहमान साबित हुई। तय समय से करीब दो महीने पहले ही सोनिया गांधी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
-
18 जनवरी 1969: सोनिया ने एक बेटे को जन्म दिया। बच्चा समय से पहले पैदा हुआ था (Premature delivery), लेकिन देखने में बिल्कुल स्वस्थ था।
-
पहली झलक: सोनिया लिखती हैं, “जन्म के बाद मैंने उसकी पहली रोने की आवाज सुनी, जब उसे इन्क्यूबेटर में रखा गया। राजीव मुझे उसे दिखाने ले गए। वह बहुत छोटा और बेहद खूबसूरत बच्चा था। उसके घने काले बाल थे और उंगलियां लंबी-पतली थीं। हमें उससे पहली नजर में ही मोहब्बत हो गई थी।”
डॉक्टरों ने राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) को पहले ही बता दिया था कि बच्चे के बचने की उम्मीद बहुत कम है। अगली सुबह वह मनहूस खबर आई, जिसका उन्हें डर था। बच्चा सिर्फ कुछ घंटों तक ही जिंदा रह सका। सोनिया लिखती हैं, “मैं बार-बार पूछ रही थी, ‘नहीं, यह कैसे हो सकता है? क्यों?’ हम दोनों सदमे में थे और हमारा दिल टूट गया था। राजीव, जो आम तौर पर अपनी भावनाओं को काबू में रखते थे, उस दिन खुद को संभाल नहीं सके और मेरे साथ फूट-फूटकर रोए।”
इंदिरा गांधी ने बीच में छोड़ा दौरा
उस समय इंदिरा गांधी एक आधिकारिक दौरे पर थीं। जैसे ही उन्हें अपने नवजात पोते के निधन की खबर मिली, उन्होंने अपना कार्यक्रम बीच में ही छोड़ दिया और तुरंत अस्पताल लौट आईं।
सोनिया गांधी लिखती हैं, “उन्होंने हमें गले लगाया। उनकी आंखें लाल थीं और सूजी हुई थीं।” इंदिरा गांधी कुछ समय तक उनके साथ बैठीं और उनके दुख में शरीक हुईं, जिसके बाद भारी मन से वह अपने सरकारी कामों के लिए रवाना हुईं।
अंतिम संस्कार को लेकर दुविधा और सोनिया का बड़ा फैसला
नवजात के निधन के बाद परिवार के सामने उसके अंतिम संस्कार (Last Rites) का सवाल खड़ा हुआ।
सोनिया लिखती हैं कि जब कुछ पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत बच्चे के शव को नदी में प्रवाहित करने की बात हुई, तो वह यह सोचकर ही सिहर उठीं। उन्होंने सख्ती से कहा, “नहीं। चाहे कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में नहीं बहने दूंगी।” (उन्हें दिल्ली के ओखला बैराज का एक दृश्य याद आ गया था, जहां उन्होंने कभी पानी में फंसा एक शव देखा था)।
आखिरकार परिवार ने फैसला किया कि बच्चे को फिरोज गांधी (Feroze Gandhi) के दक्षिण दिल्ली स्थित महरौली फार्महाउस में दफनाया जाएगा। राजीव गांधी और उनके छोटे भाई संजय गांधी (Sanjay Gandhi) ने एक गुलाबी बोगनवेलिया के पेड़ के नीचे अपने भतीजे को सुपुर्द-ए-खाक किया। सोनिया लिखती हैं, “लंबे समय तक जब भी हम वहां जाते, उस जगह पर रुककर एक फूल जरूर रख आते थे।”
“लोग इतने बेरहम कैसे हो सकते हैं?”
इस घटना ने सोनिया गांधी को अंदर तक झकझोर दिया था। वह महीनों तक गम और अपराधबोध से जूझती रहीं। इस बीच, एक दक्षिणपंथी प्रकाशन ने एक लेख छापा जिसमें उस नवजात बच्चे की ‘वैधता’ पर सवाल उठाए गए थे।
इस पर गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए सोनिया लिखती हैं, “इस घिनौने हमले ने मेरे दिल को चोट पहुंचाई। उन शब्दों के जहर ने मेरे दिल को घायल कर दिया। लोग इतने बेरहम कैसे हो सकते हैं?”
इस भारी व्यक्तिगत त्रासदी के बाद उसी साल वह दोबारा गर्भवती हुईं। इस बार परिवार में खुशी से ज्यादा चिंता थी। अंततः 19 जून 1970 को राहुल गांधी का जन्म हुआ।

