5 करोड़ रुपये और संपत्ति की मांग? उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने पकड़ा

ankita
साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

अंकिता भंडारी हत्याकांड के दौरान अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में आईं उर्मिला सनावर एक बार फिर बड़े कानूनी विवाद में घिर गई हैं। हरिद्वार पुलिस ने उन्हें पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उर्मिला पर सोशल मीडिया पर अश्लील टिप्पणी करने, 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर यह कार्रवाई की।

दीपिका राठौर ने लगाया 5 करोड़ की डिमांड का आरोप

पुलिस के अनुसार, दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिससे उनके परिवार की छवि को भारी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा, व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाते हुए उर्मिला पर कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये मांगने और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

रानीपुर कोतवाली में गंभीर धाराओं में केस दर्ज

हरिद्वार के एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि दीपिका राठौर की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 387/26 दर्ज किया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5), 308(7), 79, 356(3) और 356(2) के साथ-साथ स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 4/10 के तहत कार्रवाई की गई है।

हरिद्वार एसएसपी के निर्देश पर बनी टीम ने उर्मिला सनावर को सहारनपुर जिले के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित गोविंदनगर आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिसकी डिजिटल जांच इस केस में अहम साक्ष्य साबित हो सकती है।

उर्मिला सनावर का पुराना आपराधिक इतिहास

यह पहली बार नहीं है जब उर्मिला सनावर पर मुकदमा दर्ज हुआ हो। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उनके खिलाफ पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। ये मामले हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद, ज्वालापुर और रानीपुर थानों के साथ-साथ देहरादून के नेहरू कॉलोनी और यूपी के सहारनपुर में दर्ज हैं। इन मामलों में आईटी एक्ट और कथित धमकी जैसे आरोप शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि उर्मिला से बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल इस गिरफ्तारी ने उर्मिला सनावर को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।