‘बस 1-2 ठिकाने बाकी’, ट्रंप ने ईरान को फिर दी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी

President Trump

President Trump

Jyoti Atmaram Ghag
Jyoti Atmaram Ghag

फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर शुरू की गई सैन्य कार्रवाई और युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी बलों ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को काफी हद तक नष्ट कर दिया है, लेकिन अभी भी एक या दो टारगेट बाकी हैं, जिनमें ‘पिकैक्स माउंटेन’ (Pickaxe Mountain) का संदिग्ध परमाणु स्थल भी शामिल है। वहीं, ईरान ने पलटवार करते हुए कहा है कि पिकैक्स माउंटेन में कोई परमाणु गतिविधि नहीं चल रही है और सर्वोच्च नेता ने किसी भी हमले का तुरंत जवाब देने की चेतावनी दी है।

ट्रंप की चेतावनी: ’10 मिनट में कर सकते हैं तबाह’

शनिवार को फ्लोरिडा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य रणनीति पर खुलकर बात की। युद्ध खत्म करने को लेकर चल रही बातचीत पर उन्होंने कहा, “बातचीत ठीक चल रही है, लेकिन आप जानते हैं कि वे (ईरान) बहुत भरोसेमंद नहीं हैं।”

ट्रंप ने जोर देकर कहा कि अमेरिका को कोई जल्दबाजी नहीं है, क्योंकि उसने पहले ही ईरान की सैन्य और परमाणु क्षमता को लगभग खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा, “हमने उनके परमाणु कार्यक्रम को खत्म कर दिया है। हमें अभी भी एक या दो साइट्स को देखना है, लेकिन हम उसे 10 मिनट में तबाह कर सकते हैं।” संदिग्ध भूमिगत परमाणु परिसर ‘पिकैक्स माउंटेन’ का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, “आपको शायद पिकैक्स माउंटेन को देखना चाहिए, हमें उसका भी इलाज करना होगा। हम यह सब बहुत तेजी से कर सकते हैं।”

हालांकि, ईरानी सरकार लगातार इस बात से इनकार करती रही है कि उस साइट पर किसी भी तरह का कोई परमाणु कार्य किया जा रहा है। तेहरान का कहना है कि एक प्रस्ताव के जरिए होर्मुज जलडमरूमध्य को दो दिनों के भीतर फिर से खोला जा सकता है।

अमेरिकी सीनेटर का आरोप: ‘युद्ध के बहाने बिग ऑयल कंपनियां काट रहीं मुनाफा’

युद्ध के चलते अमेरिका में बढ़ रही महंगाई और गैस की कीमतों पर सियासत भी गरमा गई है। एक अमेरिकी सीनेटर ने प्रमुख तेल कंपनियों की कड़ी आलोचना की है। सीनेटर ने दावा किया है कि जब आम वाहन चालक ऊंचे ईंधन खर्च से परेशान हैं, तब बड़ी तेल कंपनियों का मुनाफा आसमान छू रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर सीनेटर ने लिखा कि “ट्रंप के अवैध ईरान युद्ध” के बाद से गैस की कीमतों में 39 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सीनेटर ने दावा किया कि एक्सॉन (Exxon) के मुनाफे में 130 प्रतिशत, शेवरॉन (Chevron) के मुनाफे में 185 प्रतिशत का इजाफा हुआ है, जबकि शेल (Shell) का मुनाफा लगभग दोगुना हो गया है। उन्होंने कहा, “कामकाजी परिवार संघर्ष कर रहे हैं, जबकि बड़ी तेल कंपनियां उन्हें लूट रही हैं।”