UPPSC PCS 2025: 28 सितंबर से शुरू होंगे इंटरव्यू, जानें तैयारी के टिप्स

student
Prabhash Bahadur Civil Services Mentor
Prabhash Bahadur Civil Services Mentor

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने पीसीएस 2025 (PCS 2025) भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के इंटरव्यू 28 सितंबर 2026 से शुरू होंगे और 24 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे। कुल 19 दिनों तक चलने वाले इस साक्षात्कार अभियान के जरिए राज्य में पीसीएस के करीब 812 पदों पर अंतिम चयन किया जाना है।

दो पालियों में होंगे इंटरव्यू, समय का रखें खास ध्यान

आयोग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इंटरव्यू रोजाना दो पालियों में आयोजित किए जाएंगे। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी, जिसके लिए उम्मीदवारों को सुबह 8 बजे तक रिपोर्टिंग करनी होगी। वहीं, दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शुरू होगी, जिसके लिए उम्मीदवारों को 12:30 बजे तक पहुंचना अनिवार्य है। सभी साक्षात्कार प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सरस्वती भवन में होंगे। रोल नंबर के आधार पर उम्मीदवारों की तारीख और शिफ्ट तय की गई है।

22 सितंबर से डाउनलोड करें इंटरव्यू लेटर

उम्मीदवार 22 सितंबर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना इंटरव्यू लेटर और दिशा-निर्देश डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपने ओटीआर (OTR) नंबर और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पदों की वरीयता ऑनलाइन भरनी होगी और इंटरव्यू के समय उसकी प्रिंट कॉपी जमा करनी होगी।

दस्तावेजों को लेकर भी सख्त हिदायत दी गई है। उम्मीदवारों को अपनी मूल मार्कशीट, डिग्री, प्रमाण पत्र, स्वप्रमाणित फोटोकॉपी का एक सेट, आरक्षित वर्ग का प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) और सरकारी कर्मचारियों को मूल एनओसी (NOC) साथ लानी होगी। इसके अलावा कुल पांच फोटो (दो स्वप्रमाणित) भी लानी होंगी। दस्तावेजों की कमी होने पर इंटरव्यू में शामिल होने में दिक्कत आ सकती है।

इंटरव्यू में कैसे करें बेहतर प्रदर्शन? 

  • डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म (DAF) की गहराई से तैयारी: उम्मीदवार अपनी शैक्षिक योग्यता, हॉबी, अनुभव और गृह जनपद से जुड़ी हर जानकारी तैयार रखें। अपने राज्य और जिले की समस्याओं व योजनाओं पर स्पष्ट राय होनी चाहिए।

  • करंट अफेयर्स और यूपी का ज्ञान: राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के साथ-साथ यूपी की कानून-व्यवस्था, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और हालिया सरकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर अच्छी पकड़ जरूरी है। अपनी राय को संतुलित और तथ्य आधारित रखें।

  • दस्तावेजों की पहले दिन से तैयारी: सभी मूल दस्तावेज और उनकी स्वप्रमाणित फोटोकॉपी एक फाइल में व्यवस्थित कर लें। छोटे-मोटे दस्तावेजी गैप से अच्छे प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है।

  • मॉक इंटरव्यू और मानसिक मजबूती: इंटरव्यू बोर्ड के सामने जाने से पहले अनुभवी मेंटर्स या पूर्व चयनित अधिकारियों के साथ मॉक इंटरव्यू जरूर दें। इंटरव्यू को परीक्षा नहीं, बातचीत समझें। यदि किसी सवाल का जवाब न आए तो पूरी ईमानदारी से बोर्ड को बता दें।

पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा में कुल 10,284 उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें से इंटरव्यू के लिए 2,297 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। अब इन्हीं उम्मीदवारों के बीच से अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी।