अब सुपरफास्ट नहीं कहलाएंगी 18 ट्रेनें, टिकट के दाम पर पड़ेगा असर

भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने नई दिल्ली से बिहार जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस और श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत कुल 18 ट्रेनों का ‘सुपरफास्ट’ (Superfast) दर्जा समाप्त करने का फैसला किया है। रेलवे बोर्ड का यह नया नियम 1 जनवरी 2027 से पूरी तरह लागू हो जाएगा। सुपरफास्ट का टैग हटने से यात्रियों को अब इन ट्रेनों के टिकट के लिए अतिरिक्त सरचार्ज नहीं देना होगा, जिससे सफर पहले के मुकाबले थोड़ा सस्ता हो जाएगा।
क्यों छिन गया सुपरफास्ट का टैग?
रेलवे के नियमों के मुताबिक, केवल उन्हीं ट्रेनों को सुपरफास्ट माना जाता है जिनकी औसत स्पीड (दोनों तरफ की यात्रा को मिलाकर) 55 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे ज्यादा हो। रेलवे के ऑपरेटिंग विभाग द्वारा इन ट्रेनों के संचालन पर विशेष सतर्कता बरती जाती है, इसलिए यात्री भी सामान्य मेल या एक्सप्रेस ट्रेन के बजाय सुपरफास्ट में सफर करना पसंद करते हैं।
रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, जिन 18 ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा खत्म किया जा रहा है, वे 55 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत रफ्तार बनाए रखने में नाकाम रही हैं। इसी वजह से इन ट्रेनों से यह विशेष दर्जा वापस लिया गया है।
यात्रियों के बचेंगे पैसे, नहीं लगेगा सरचार्ज
सुपरफास्ट ट्रेन में सफर करने पर यात्रियों को बेसिक किराये के साथ हर क्लास के लिए एक तय ‘सुपरफास्ट सरचार्ज’ चुकाना पड़ता है। अब दर्जा खत्म होने से यात्रियों को सीधे तौर पर इस सरचार्ज से राहत मिलेगी। रेलवे द्वारा वसूली जाने वाली सरचार्ज की दरें इस प्रकार हैं:
-
फर्स्ट एसी (1st AC): 75 रुपये प्रति यात्री
-
सेकेंड एसी / थ्री एसी / एसी 3 इकोनॉमी: 45 रुपये प्रति यात्री
-
स्लीपर क्लास (Sleeper Class): 30 रुपये प्रति यात्री
-
सेकेंड या जनरल क्लास: 15 रुपये प्रति यात्री
1 जनवरी 2027 से इन 18 ट्रेनों में टिकट बुक करने पर यात्रियों को यह अतिरिक्त राशि नहीं देनी होगी।
1 जनवरी से बदल जाएंगे इन ट्रेनों के नंबर
सुपरफास्ट का दर्जा छिनने के साथ ही इन ट्रेनों के पहचान नंबर (Train Numbers) में भी बदलाव किया गया है। रेलवे द्वारा जारी की गई नई सूची के अनुसार, कुछ प्रमुख ट्रेनों के पुराने और नए नंबर इस प्रकार हैं:
-
टनकपुर-दिल्ली जंक्शन: पुराना नंबर 12035; नया नंबर 15317
-
दिल्ली जंक्शन-टनकपुर: पुराना नंबर 12036; नया नंबर 15318
-
देहरादून-काठगोदाम: पुराना नंबर 12091; नया नंबर 15315
-
काठगोदाम-देहरादून: पुराना नंबर 12092; नया नंबर 15316
-
मुरादाबाद-रामनगर: पुराना नंबर 25013; नया नंबर 15313
-
रामनगर-मुरादाबाद: पुराना नंबर 25014; नया नंबर 15314
-
मुरादाबाद-रामनगर: पुराना नंबर 25035; नया नंबर 15335
-
रामनगर-मुरादाबाद: पुराना नंबर 25036; नया नंबर 15336
-
इस्लामपुर-नई दिल्ली: पुराना नंबर 20801; नया नंबर 18633
-
नई दिल्ली-इस्लामपुर: पुराना नंबर 20802; नया नंबर 18634

